मुरादाबाद। पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के चलते निर्यातकों को बढ़ती चुनौतियों से राहत देने के लिए सरकार की ओर से बीमा सहायता लाभ देने की योजना की चर्चा चल रही है। अगर यह योजना लागू हुई तो जिले के सैकड़ों निर्यातकों को फायदा मिलेगा।
एमईएचए के अध्यक्ष नावेद उर रहमान ने बताया कि पश्चिमी देशों में मुरादाबाद से कुल निर्यात का 15 प्रतिशत हस्तशिल्प उत्पाद का सालाना कारोबार होता है। जिले के तमाम निर्यातकों के हस्तशिल्प उत्पाद अभी तक विदेशों में नहीं पहुंचे हैं। उत्पाद अभी समुद्री मार्ग में फंसे हुए हैं। इसकी वजह से निर्यातकों की चुनौतियां और बढ़ गई हैं। सरकार ईसीजीसी और अन्य विभागों से मिलकर निर्यातकों को बीमा सहायता लाभ देने की योजना बना रही है। इस योजना का लाभ मिलने पर निर्यातकों को फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि हमारी मांग है कि विशेष वॉर-रिस्क बीमा कवर की तत्काल घोषणा की जाए। ईसीजीसी प्रीमियम में अस्थाई छूट, संकटग्रस्त क्षेत्रों के लिए तेज-ट्रैक क्लेम सेटलमेंट भी किया जाए। इसके साथ ही लौटे कार्गो पर कस्टम और पोर्ट शुल्क में छूट दिया जाए।