मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार में कारागार एवं होमगार्ड विभाग के मंत्री धर्मवीर प्रजापति सोमवार सुबह मुरादाबाद पहुंचे। उन्होंने यहां पुलिस लाइन में होमगार्ड्स से सीधा संवाद किया। इस दौरान होमगार्डों का दर्द मंत्री के सामने छलक आया। सिपाहियों से भी अधिक लंबी ड्यूटी और सुविधाएं व सम्मान नहीं मिलने का दर्द सुनाया। मंत्री ने होमगार्ड्स की समस्याएं सुनकर उनका शीघ्र निस्तारण कराने का आश्वासन दिया।
कारागार एवं होमगार्ड्स मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने पुलिस लाइन में होमगार्ड्स से संवाद किया। उन्होंने सभी का परिचय लिया। मंत्री ने कहा कि वह होमगार्ड्स की समस्याएं सुने आएं हैं। बेझिझक होकर अपनी समस्याएं बताएं। इसके बाद जवानों ने मंत्री के सामने एक के बाद एक कई समस्याएं गिनाईं। होमगार्डों ने सबसे पहले बताया कि बिना किसी कारण उनकी ड्यूटी काट दी जाती है। एक स्थान से दूसरे स्थान पर भेज दिया जाता है। होमगार्ड्स ने मांग की कि ड्यूटी के दौरान घायल होने पर उपचार व्यय की प्रतिपूर्ति, महिला गार्ड को मैटरनिटी लीव, ट्रेनिंग भत्ता ड्यूटी भत्ते के बराबर मिलना चाहिए। थानों में होमागार्डों के लिए बैरक होनी चाहिए। इसके अलावा सेवानिवृत्त होने पर आर्थिक सहायता का भी प्रावधान होना चाहिए। मंत्री ने बताया कि होमगार्ड्स की अधिकांश मांगों पर शासन स्तर पर विचार किया जा रहा है। इसके अलावा उन्होंने जवानों से विभाग में और बेहतर करने के सुझाव मांगे। उन्होंने होमगार्ड्स को वर्दी अनुशासन का विशेष पालन करने की नसीहत देते हुए कहा कि अच्छे से ड्यूटी कर विभाग का मान बढ़ाएं। इस दौरान डिवीजनल कमांडेंट होमागार्ड्स पीयूष कांत, मंडलीय कमांडेंट प्रशिक्षण सुनील कुमार, जिला कमांडेंट मनोज सिंह बघेल, जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। ---