मुरादाबाद। होमगार्ड भर्ती परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों को परीक्षा से पहले कदम-कदम पर इम्तिहान से गुरजना पड़ा। रेलवे स्टेशन और बस अड्डे से लेकर परीक्षा केंद्र तक अभ्यर्थी लू के थपेड़ों के बीच जूझते ही नजर आए। भीषण गर्मी में रेलवे स्टेशन का पंखा (बड़ा वाला) बंद होने से अभ्यर्थी पसीने से तरबतर हो गए। इस दाैरान एक अभ्यर्थी बेहोस भी हो गया। अव्यवस्थाओं से लड़कर केंद्र पर पहुंचे तो कठिन प्रश्नों ने उलझा दिया। वहीं परीक्षा देकर निकलें तो उन्हें जाम से जूझना पड़ा।
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड ने होमगार्ड के 41 हजार 424 पदों पर भर्ती निकाली है। इसके लिए मुरादाबाद में 28 परीक्षा केंद्र बनाए गए। कड़ी सुरक्षा के बीच शनिवार को 28 परीक्षा केंद्रों पर होमगार्ड भर्ती परीक्षा हुई। पहली पाली की परीक्षा सुबह दस बजे से 12 बजे के बीच चली।
होमगार्ड परीक्षा से पहले अभ्यर्थियाें ने रेलवे स्टेशन पर रात बिताई और सुबह सेंटर पर पहुंच गए। इनमें कुछ अभ्यर्थी तो एक दिन पहले ही मुरादाबाद पहुंच गए थे। कोई होटल में रुका तो कोई रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस अड्डे और रैन बसेरे में ठहरा। सुबह साढ़े नौ बजे के बाद एंट्री बंद कर दी गई। दूसरी पाली की परीक्षा तीन बजे से पांच बजे तक चली। सुबह की पॉली में 12432 अभ्यर्थी पंजीकृत थे लेकिन 2913 अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे। 9519 अभ्यर्थियों ने होमगार्ड बनने के सपने के साथ परीक्षा दी। दूसरी पाली में 28 केंद्रों के लिए 12432 अभ्यर्थी पंजीकृत थे लेकिन 9643 अभ्यर्थी ने परीक्षा दी। 2789 ने होमगार्ड बनने से पहले ही मैदान छोड़ दिया। एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि पहले दिन की परीक्षा शांति पूर्ण ढंग से संपन्न हो गई है।
आज और कल भी होगी परीक्षा
पहले दिन शनिवार को दोनों पॉली की परीक्षा शांति पूर्ण संपन्न हो गई है। परीक्षा रविवार और सोमवार को भी शहर में 28 केंद्रों पर होगी। परीक्षा में अमरोहा, बरेली, बदायूं, बिजनौर, कासगंज, मेरठ, पीलीभीत, रामपुर, संभल और शाहजहांपुर अभ्यर्थी शामिल होंगे।
00
परीक्षा छूटने पर लगा जाम, शहर में लगा जाम
पहली पाली की परीक्षा दोपहर दो बजे छूटे थी। इसी दौरान शहर में दूसरी पाली के अभ्यर्थी भी पहुंच गए थे। जिस कारण शहर में जगह जगह जाम लग गया था। रेलवे स्टेशन रोड, पीलीकोठी चौराहा, जैन मंदिर रोड, बुधबाजार, इंपीरियल तिराहा पर वाहन रेंगते नजर आए।
00
बोले परीक्षार्थी
मैंने बीए किया है। इससे पहले यूपी एसआई की परीक्षा दे चुका हूं। सिपाही परीक्षा भी दे थी लेकिन परिणाम अच्छा नहीं आया। चार महीने से होमगार्ड परीक्षा की तैयारी कर रहा था। - रोहित बाबू, शाहजहांपुर
00
मैं यूपी एसआई की तैयारी में जुटा हूं। होमगार्ड परीक्षा मेरे जीवन की पहली परीक्षा है। अगर मेरा नंबर भी आता है तो मैं नौकरी नहीं करूंगा। - विवेक कुमार, शाहजहांपुर
00
बीएसएफ में ट्रेड मैन की पोस्ट के लिए फिजिकल दे चुका हूं। इसके अलावा मेरा अग्निवीर में नंबर आ गया है। मैं बीएससी की है। - विशाल कुमार, हाथरस
00
मैंने एमए तक पढ़ाई की है। दिल्ली पुलिस में एसआई की परीक्षा दी थी। लेकिन मेरा सिलेक्शन नहीं हो पाया। बेरोजगारी इतनी है कि किसी नौकरी में तो नंबर आ जाए। - योगेश कुमार, बदायूं
00
मैंने बीए किया है। एनसीसी भी किया है। शादी के कारण बीच में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी छूट गई थी। मेरे पति भी सरकारी विभाग में नौकरी के लिए तैयारी कर रहे हैं। अगर मेरा चयन होमगार्ड के लिए हो जाएगा तो मैं घर चलाने में पति का सहयोग कर सकूंगी और पति अपनी तैयारी जारी रख सकेंगे। - लक्ष्मी कुमारी, संभल
00
- परीक्षा अच्छी हुई है। पूरी उम्मीद हैं अच्छे अंकों के साथ पास हो जाऊंगा। इससे पहले सिपाही की परीक्षा दी थी लेकिन उसमें चयन नहीं हो पाया था। - भरत कुमार सिंह, बरेली
बीटेक, पॉलिटेक्निक और बीए पास भी होमगार्ड बनने को तैयार
- कोई बोला बस सरकारी नौकरी मिल जाए तो किसी ने कहा दूसरी नौकरी मिलने पर दे देंगे इस्तीफा
अमर उजाला ब्यूरो
मुरादाबाद। होमगार्ड के पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा में उच्च शिक्षा प्राप्त अभ्यर्थियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। बीटेक, पॉलिटेक्निक, बीकॉम और स्नातक डिग्री वाले युवाओं ने भी होमगार्ड बनने के लिए परीक्षा दी। जबकि होमगार्ड बनने के लिए शैक्षिक योग्यता दसवीं पास रखी गई थी। लेकिन परीक्षा देने के बाद बाहर आए अभ्यर्थियों से पूछा गया तो उसमें उच्च शिक्षा प्राप्त अभ्यर्थी मिले।
बरेली के कुंवरसेन वर्मा ने चित्रगुप्त इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर परीक्षा दी। कुंवर सेन ने बताया कि उन्होंने बीकॉम किया है। सिपाही भर्ती परीक्षा में शामिल हुए थे लेकिन सफलता नहीं मिल पाई। फैक्टरी में नौकरी करने से अच्छा हैं कि होमगार्ड ही बन जाएं। बदायूं के विशेष प्रकाश ने बताया कि उसने निजी कॉलेज से बीटेक किया है। 22 से 25 हजार रुपये की प्राइवेट कंपनी में नौकरी मिल रही है। उसके लिए दूसरे शहर में जाना पड़ रहा है। होमगार्ड बन जाएंगे तो अपने जिले में नौकरी करेंगे और शाम को परिवार के साथ रहेंगे।
मेरठ के मो. कासिम ने बताया कि उन्होंने पॉलिटेक्निक की है। अभी तैयारी कर रहा हूं। होमगार्ड की परीक्षा आई तो फार्म भर दिया था। अगर होमगार्ड में चयन होता है तो ठीक है, नहीं तो तैयारी जारी रहेगी। किसी दूसरे विभाग में नंबर आने पर होमगार्ड की नौकरी से इस्तीफा दे देंगे।