ठाकुरद्वारा। शनिवार शाम को आंधी के साथ हुई झमाझम बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से भी राहत मिली। वहीं नगर में सड़कों पर जल भराव होने से लोगों को वहां से गुजरने में परेशानी भी हुई। विद्युत लाइनों में ब्रेकडाउन से बिजली गुल हो गई। उधर, बारिश होने से किसानों ने भी राहत महसूस की।
शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे तेज आंधी के साथ शुरू हुई बारिश रात आठ बजे तक होती रही। भीषण गर्मी से परेशान लोगों को बारिश से राहत मिली। बारिश से नगर में बुध बाजार, शगुन तिराहा, कोर्ट रोड, कोतवाली सहित कई स्थानों की सड़कों पर जल भराव हो गया। इससे नगर पालिका की नाले नालियों की साफ-सफाई की भी पोल खुल गई। सड़कों पर जलभराव होने से राहगीरों को आवागमन में परेशानी हुई। झमाझम बारिश से सूख रही गन्ने और चारे आदि की फसलों को लाभ होगा। बारिश को देखकर किसान खुश नजर आए। वहीं आंधी और तेज बारिश में 132 केवीए उप संस्थान मुंशीगंज से आ रही लाइन पर पेड़ गिरने से ब्रेकडाउन हो गया। एसडीओ रंजीत सिंह ने बताया कि विद्युत लाइनों की पेट्रोलिंग की जा रही है। फॉल्ट मिलने पर उसे दुरुस्त कर बिजली आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी।