मुरादाबाद। रामपुर के सपा सांसद आजम खां के खिलाफ दर्ज अदालत के आदेश की अवमानना के मामले में सोमवार को सुनवाई नहीं हो पाई। जिसकी सुनवाई के लिए आगामी 11 मार्च की तारीख लगा दी गई है।
छजलैट थाने में 2008 में रामपुर के सांसद आजम खां, उनके बेटे अब्दुल्ला आजम समेत कई अन्य सपा नेताओं के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। उस वक्त आजम खां एक समारोह में शामिल होने के लिए मुजफ्फरनगर जा रहे थे। छजलैट थाने के सामने पुलिस ने चेकिंग के दौरान आजम खां की गाड़ी रुकवा ली थी। इसके बाद सड़क जाम कर प्रदर्शन किया गया था। इस मामले में कई बार आजम खां को समन जारी किया गया, लेकिन वह अदालत में हाजिर नहीं हुए थे। अदालत के आदेश की अवमानना में 2020 में एक और केस दर्ज किया गया था।
मुकदमे की सुनवाई एमपी-एमएलए स्पेशल मजिस्ट्रेट कोर्ट स्मिता गोस्वामी की अदालत में की जा रही है। मुकदमे में गवाह के हाजिर न होने के कारण सुनवाई नहीं हो पाई। आजम खां के वकील शहनवाज सिब्तेन ने बताया कि 11 मार्च को अदालत ने गवाह को तलब किया है।