लखनऊ में मुख्य सचिव के साथ चली घंटे वार्ता में सहमति नहीं बनने पर डिप्लोमा फार्मेसिस्ट एसोसिएशन ने आज (मंगलवार) से अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान कर दिया है। प्रदेश के सभी फार्मेसिस्ट हड़ताल पर रहेंगे। साथ ही इमरजेंसी और पोस्टमार्टम सेवा अनिश्चितकाल के लिए ठप रहेगी।
डिप्लोमा फार्मेसिस्ट एसोसिएशन ने बीस सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की थी। हड़ताल को लेकर सोमवार को लखनऊ में डीजी हेल्थ और सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य ने एसोसिएशन के पदाधिकारियों को वार्ता के लिए बुलाया था। लेकिन पदाधिकारियों ने वार्ता करने से इंकार कर दिया।
वहीं शाम को मुख्य सचिव के साथ वार्ता हुई। काफी देर तक चली वार्ता में ग्यारह सूत्रीय मांगों पर सहमति नहीं बन सकी। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संदीप बडोला ने बताया कि मंगलवार से फार्मेसिस्ट अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे। इस दौरान इमरजेंसी और पोस्टमार्टम सेवाएं भी ठप रहेगी।