कांठ। विकास खंड छजलैट की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत सलेमपुर में सास-बहू सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें महिलाओं को स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देते हुए पुरस्कृत और सम्मानित किया गया। महिलाओं से अपील की गई कि वह स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उठाएं।
कांठ के गांव सलेमपुर में सास-बहू सम्मेलन के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में ग्राम प्रधान सचिन चौधरी ने पंचायत भवन में उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए सरकार द्वारा उनके हित में चलाई जा रही प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना, आयुष्मान गोल्डन कार्ड योजना, जननी सुरक्षा आदि योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कन्या सुमंगला योजना भी बच्चियों के हित की योजना है। इसका लाभ उठाएं और अपने स्वास्थ्य का ख्याल रखें। इस मौके पर ग्राम प्रधान ने लाभार्थी महिलाओं को पुरस्कृत करते हुए सम्मानित भी किया। कार्यक्रम में यूनिसेफ बीएमसी रेखा पटेल ने महिलाओं को जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक माह की नौ तारिख को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांठ में प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं की सेहत की जांच के लिए कैंप लगाया जाता है। इसके अलावा महिलाएं अपना और अपने बच्चों का नियमित टीकाकरण भी कराएं। टीके लगने से नुकसान नहीं लाभ पहुंचता है और बीमारियों की चपेट में आने से बचा जा सकता है। इस मौके पर आशा वर्कर, आंगनबाड़ी और एएनएम भी मौजूद रहीं।
..फोटो सं. 09, 10