मोहम्मद शमी और पत्नी हसीन जहां
- फोटो : ट्वि्टर
क्रिकेटर मोहम्मद शमी के भाई ने मंगलवार को साक्ष्य सौंपा। उन्होंने आरोपों को गलत ठहराया। कहा कि किसी के साथ गलत बर्ताव नहीं किया गया है। अब बाल कल्याण समिति मौके का मुआयना करेगी, ताकि मासूम बेटी के अधिकारों के हनन के आरोपों की जांच कर सकें। इसके पहले हसीन जहां प्रकरण में सोमवार को साक्ष्य प्रस्तुत कर चुकी हैं।
टीम इंडिया के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की पत्नी हसीन जहां 28 अप्रैल 2019 को ससुराल के गांव सहसपुर अली नगर पहुंची थीं। आरोप है कि उनके साथ ससुरालियों ने मारपीट की। साथ ही पुलिस ने भी उनके साथ दुर्व्यवहार किया। उन्होंने मामले की शिकायत राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग में की है। इसके बाद जिले की न्याय पीठ बाल कल्याण समिति मामले की जांच कर रही है।
मंगलवार को क्रिकेटर मोहम्मद शमी के भाई हसीब विकास भवन में पहुंचें। दोपहर लगभग तीन बजे उन्होंने समिति के समक्ष साक्ष्य प्रस्तुत किया। अध्यक्ष हरपाल चौहान, मसरूर सिद्दीकी और रुचिका सारस्वत ने उनसे कई बिंदुओं पर जानकारी लिया।
इस मामले में हसीन जहां दो बार समिति के समक्ष बयान दर्ज करा चुकी हैं। उन्होंने पुलिस वालों पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। समिति के सदस्य मसरूर सिद्दीकी ने बताया कि अब घटना स्थल का जायजा लिया जाना है। ताकि मामले की पड़ताल में कोई कमी नहीं रह जाए।