भवालपुरा में पालीटेक्निक के शिलान्यास को लेकर दिन भर बवाल रहा। सपा विधायक और बसपा के पूर्व विधायक आमने सामने आ गए। समर्थक भी भिड़े। जमीन पर लगा शिलापट उखाड़कर तोड़ दिया। टकराव की स्थिति बनते देख भारी फोर्स पहुंच गई। डीएम और एसएपी भी सारा दिन वहां डेरा डाले रहे। देर शाम को विधायक की पत्नी ने इसका शिलान्यास किया।
ठाकुरद्वारा के भवालपुरा में राजकीय पालीटेक्निक का निर्माण होना है। मंगलवार को शिलान्यास किया जाना था। सब कुछ तय हो गया। बाकायदा जमीन पर शिलापट लग गया था। इसी दौरान बसपा के पूर्व विधायक विजय यादव अपने समर्थकों के साथ यहां आ गए और पालीटेक्निक के शिलान्यास की आड़ में किसान की जमीन कब्जाने का आरोप लगाने लगे। पूर्व विधायक अपने समर्थकों के साथ यहां धरने पर बैठ गए। इसी दौरान लोगों ने शिलापट को भी तोड़ डाला।
यहां सपा विधायक नवाब जान खां भी अपने समर्थकों के साथ पहुंच गए। उन्होंने पूर्व विधायक पर विकास कार्यों में अवरोध पैदा करने का आरोप लगाकर कड़ा रोष जताया। तत्काल शिलान्यास की मांग पर अड़ गए। वहीं दूसरा पक्ष शिलान्यास न होने देने पर अड़ा था। दोनों तरफ से नारेबाजी होने लगी। भारी फोर्स बुला ली गई थी। पूरा दिन तनातनी में ही निकल गया। अफसरों के साथ भी नोकझोंक होती रही। बाद में जिलाधिकारी जुहैर बिन सगीर और एसएसपी नितिन तिवारी भी यहां पहुंच गए थे। देर शाम को किसी तरह से शिलान्यास किया गया।