उत्तराखंड के हल्द्वानी और बरेली में हुए बवाल के बाद मुरादाबाद पुलिस भी अलर्ट हो गई है। पुलिस ने कई जगहों पर चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्धों से पूछताछ भी की। धार्मिक स्थलों के आसपास पुलिस और पीएसी के जवानों की तैनाती भी रही। इस दौरान ड्रोन कैमरों से निगरानी भी की जा रही है। उत्तराखंड सीमा से सटे क्षेत्रों में पुलिस टीमें तैनात की गई हैं।
उत्तराखंड के हल्द्वानी में बृहस्पतिवार शाम हुए बवाल के बाद भगतपुर पुलिस ने बॉर्डर पर सख्ती बढ़ा दी है। शुक्रवार को उत्तराखंड से आने और जाने वालों वाहनों की चेकिंग कर ही भेजा गया। सुबह से ही क्षेत्र में थाना प्रभारी टीम के साथ फ्लैग मार्च करते रहे। अराजक तत्वों पर नजर रखी जा रही है।
उधर, शुक्रवार को जुमे की नमाज को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई। मस्जिदों के आसपास पुलिस फोर्स तैनात रही। चौराहों पर भी पुलिस तैनात रही। थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने कहा कि पुलिस लगातार गश्त कर रही है। इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी पुलिस टीमें निगरानी कर रही हैं।
भगतपुर थाने की चौकी नेपा उत्तराखंड सीमा पर यूपी की अंतिम चौकी है। काशीपुर अलीगढ़ मार्ग पर बनी इस चौकी के सामने से दोनों प्रदेशों में वाहनों का आवागमन रहता है। इस चौकी पर विशेष चौकसी की जा रही है।