बिलारी। थाना क्षेत्र के एक गांव में विधवा भाभी से चचेरे देवर ने शादी करने का वायदा कर चार साल तक शारीरिक संबंध बनाए। गर्भवती होने पर तीन बार गर्भपात भी करा दिया। जब देवर पर शादी करने का दबाव डाला तब उसने शादी से इंकार करते हुए दूसरी युवती से शादी कर ली। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी विधवा की ओर से थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा गया है कि वर्ष 2022 में उसके पति की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई थी। उस समय उसके चचेरे देवर ने यह लिखवा कर दे दिया कि विद्युत करंट की चपेट में आकर उसकी पति की मृत्यु हुई है। बाद में आरोपी यह कहने लगा कि मैं तुमसे शादी करुंगा और पत्नी बनाकर अपने साथ रखकर पूरा सम्मान दूंगा। विधवा के अनुसार आरोपी ने उसे तीन साल तक अपने साथ रखकर अनेक बार शारीरिक संबंध बनाए इस दौरान तीन बार गर्भपात भी करा दिया लेकिन धार्मिक रीति रिवाज से शादी करने की बात को टालता रहा।
विधवा के अनुसार बीती 26 नवंबर को उसके चचेरे देवर ने थाना शाहबाद के एक गांव में रिश्तेदारों को साथ ले जाकर रात में एक अन्य युवती से शादी कर ली और उससे शादी करने तथा अपने साथ रखने से साफ इन्कार कर दिया। विधवा का यह भी कहना है कि दूसरी युवती से शादी करने की भनक लगने पर उसने बिलारी पुलिस और डायल 112 पुलिस से शिकायत की लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की। अब बिलारी पुलिस ने एसएसपी के आदेश पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।