कांठ (मुरादाबाद)। जिम में आई महिला से छेड़खानी करते जिम ट्रेनर ने उसे बेहोश कर दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है। शिकायत पर जब छजलैट पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की तो पीड़िता ने डीआईजी से गुहार लगाई। जिस पर अब पुलिस ने आरोपी जिम ट्रेनर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
मामला छजलैट थाना क्षेत्र का है। एक गांव की महिला का आरोप है कि वह 17 अप्रैल की सुबह जिम सेंटर पर जिम करने गई थी। आरोप है कि जिम ट्रेनर रोहित कुमार उर्फ उज्जवल उस पर बुरी नजर रखता था। इसी के चलते उसने उसके साथ छेड़खानी और बदतमीजी की। जब इसका विरोध किया तो उसने गाली-गलौज करते हुए गला दबा कर उसे बेहोश कर दिया और इसके बाद उससे दुष्कर्म किया।
पीड़िता का आरोप है कि छजलैट थाना पुलिस से इसकी शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई और न ही उसका मेडिकल कराया। बार-बार थाने के चक्कर लगाने के बाद भी पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं कि। आरोपी उसके घर के सामने से बुलेट बाइक से पटाखे छोड़ता हुआ गुजरता है और उसे व उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी देता है। कार्रवाई न होने पर पीड़िता ने डीआईजी मुरादाबाद मुनिराज जी से गुहार लगाई तो अब छजलैट पुलिस ने वारदात के 14 दिन बाद आरोपी रोहित कुमार उर्फ उज्जवल के खिलाफ दुष्कर्म सहित कई धाराओं में एफआईआर दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।