ठाकुरद्वारा। छेड़खानी से तंग नाबालिग ने आत्महत्या का प्रयास किया था। पुलिस ने बृहस्पतिवार को उसका मेडिकल कराने का प्रयास किया लेकिन नाबालिग ने अपना किसी भी तरह का मेडिकल कराने से लिखित रूप से इन्कार कर दिया है।
क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने गांव के फैज और उसके दो साथियों के खिलाफ रास्ते में आते-जाते समय अपनी नाबालिग बेटी के साथ छेड़खानी और उसका अपहरण का प्रयास करने के आरोप में 27 अप्रैल को पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें आरोप लगाया गया है कि आरोपी फैज रास्ते में आते जाते समय उसकी बेटी के साथ छेड़खानी करता हैm वह 24 अप्रैल को जब काशीपुर से अपने परिजनों के साथ चैती मेला देखकर घर लौट रही थी तभी रास्ते में आरोपी और उसके दो अज्ञात साथियों ने उसे पकड़ लिया। उसके साथ छेड़खानी और अश्लील हरकतें की। उसका हाथ खींच कर उसका अपहरण कर ले जाने लगा। शोर मचाने पर आरोपी वहां से भाग गए थे। पुलिस ने आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। लेकिन वे पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। इस मामले की विवेचना कर रहे उप निरीक्षक प्रवीन सिंह ने नाबालिग को उसका बाह्य और आंतरिक मेडिकल कराने के लिए नगर के सीएचसी पर भेजा। लेकिन उसने वहां अपना किसी भी तरह का मेडिकल कराने से लिखित रूप से इन्कार कर दिया है। उप निरीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि पीड़िता को शुक्रवार को कोर्ट में पेश कर उसके बयान दर्ज कराए जाएंगे। कोर्ट के आदेश पर अगली कार्रवाई होगी।