मुरादाबाद। वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री के गनर सिपाही तुशेंद्र कुमार की बाइक में बुधवार रात अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में तुशेंद्र की मौत हो गई जबकि उनके साथ बाइक पर सवार ममेरे भाई हर्ष और तुषार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पाकबड़ा-अगवानपुर मार्ग स्थित मौढ़ा तैय्या के पास हुआ।
पुलिस के मुताबिक, अमरोहा जनपद के अमरोहा देहात थानाक्षेत्र के लोधीपुर मंजारा गांव निवासी तुशेंद्र कुमार(23) पुलिस विभाग में सिपाही था। वह वर्तमान में वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री अरुण कुमार सक्सेना के गनर के रूप में तैनात था। बुधवार को वह अपने ममेरे भाई हर्ष और विशाल के साथ एक विवाह समारोह में शामिल होने गया था। समारोह में शामिल होने के बाद देर रात तीनों बाइक से मामा के घर पाकबड़ा के जेबड़ा गांव जा रहे थे। उनकी बाइक पाकबड़ा अगवानपुर बाईपास से पास से गुजर रही थी। मौढ़ा तैय्या गांव के पास इनकी बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर जुटे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को जिला अस्पताल भिजवा दिया गया, जहां डॉक्टरों ने सिपाही तुशेंद्र को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायल हर्ष और विशाल को भर्ती कर उनका उपचार शुरू कर दिया गया। पाकबड़ा थाना प्रभारी जय भगवान सिंह ने बताया कि घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा करने वाले वाहन और चालक की तलाश की जा रही है। सिपाही के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।