मुरादाबाद। राज्य कर विभाग की टीमों ने बृहस्पतिवार को दसवां घाट स्थित मेटल कारोबारी की फर्म और हापुड़ स्थित फैक्टरी पर छापा मारकर करोड़ों की जीएसटी चोरी पकड़ ली। इस मामले में व्यवसायी ने 25 लाख रुपये तत्काल जमा कर दिया। वहीं देररात तक जांच जारी रही।
अपर आयुक्त ग्रेड-1 अशोक कुमार सिंह ने दसवां घाट स्थित फर्म के डाटा को खंगाला तो कई गड़बड़ियां सामने आई। इस मामले में ग्रेड-1 ने अपर आयुक्त ग्रेड -2 आरए सेठ को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसी आधार पर अपर आयुक्त ने डिप्टी कमिश्नर उत्तम तिवारी के नेतृत्व में नौ अधिकारियों की टीम गठित की। इसके साथ ही हापुड़ के तीन अधिकारियों को शामिल किया गया। अधिकारियों की टीमों ने बृहस्पतिवार की सुबह 11 बजे फर्म और हापुड़ स्थित फैक्टरी में छापा मार दिया। फैक्टरी में ई-वेस्ट स्क्रैप की खरीदकर और उसे तोड़कर टेंटलम मेटल के साथ विभिन्न प्रकार के मेटल बनाए जाते हैं। इसी प्रकार प्लास्टिक स्क्रैप के साथ मेटल गलाकर उसकी सिल्ली तैयार की जाती है।
जांच में पाया गया कि फर्म ने विगत वर्षों में बोगस फर्म से सप्लाई दिखाते हुए आईसीटी क्लेम किया गया। अपर आयुक्त ग्रेड-2 ने बताया कि जांच के दौरान ढाई करोड़ की गड़बड़ी पकड़ी गई है। इस मामले में कारोबारी ने 25 लाख रुपये जमा कर दिया है। जांच की कार्रवाई शुक्रवार सुबह तक चलने की संभावना है। जांच में राज्य कर अधिकारी रूपम उपाध्याय, नसीम, धीरज सिंह सहित अन्य लोग शामिल रहे।