मुरादाबाद। रात को टहलने निकले कपड़ा व्यवसायी की पत्नी के गले से बाइक सवार युवक सोने की चेन लूट कर फरार हो गया। मोहल्ले के कुछ लोगों ने उसका पीछा भी किया, लेकिन कुछ देर बाद वह आंखों से ओझल हो गया। पीड़ित की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच छानबीन शुरू कर दी है।
थाना कटघर क्षेत्र के मोहल्ला आदर्श नगर पंजाबी कॉलोनी निवासी रमेश छाबड़ा की डबल फाटक पर कपड़े की दुकान है। दुकान बंद कर घर आकर खाना खाने के बाद वह पत्नी सुनीता छाबड़ा के साथ मोहल्ले में रात करीब 10:40 बजे टहलने निकले थे। मोहल्ले में कुछ अन्य लोग भी टहल रहे थे। रमेश छाबड़ा ने बताया कि जैसे ही वह लाजपतनगर स्थित रस्तोगी इंटर कॉलेज के निकट पहुंचे वैसे ही पीछे से लाल रंग की अपाचे बाइक पर सवार युवक उनके पास पहुंचा और झपट्टा मार कर उनकी पत्नी के गले से ढाई तोले सोने की चेन लूट ले गया। रमेश छाबड़ा ने बताया कि उन्होंने शोर मचाया और मोहल्ले के कुछ लोगों के साथ उसका पीछा भी किया, लेकिन थोड़ी देर में ही वह आंख से ओझल हो गया।
सूचना मिलने पर एसएचओ कटघर भी मौके पर पहुंच गए। एसएचओ ने बताया कि आसपास के घरों के सीसी टीवी फुटेज तलाशे जा रहे हैं। सूचना भेज कर चेकिंग भी कराई जा रही है।