मुरादाबाद। गोरखपुर से मुरादाबाद आ रही (04653) क्लोन एक्सप्रेस में एक महिला यात्री का पर्स चोरी हो गया। कोच बी-6 में सीट संख्या 41 और 47 पर यात्रा कर रहीं चंपारण बिहार की निवासी प्रियंका तिवारी की नींद का फायदा उठाकर शातिर चोरों ने पर्स उड़ा लिया। शिकायतकर्ता के मुताबिक पर्स में करीब पांच तोला सोने का मंगलसूत्र था।
इसके अलावा दस हजार रुपये नकद और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन रखा था। प्रियंका ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 23 जनवरी की रात करीब 12 बजे गोरखपुर से मुरादाबाद के लिए सफर कर रही थीं। रास्ते में गोंडा स्टेशन पार करने के बाद जब उनकी आंख खुली तो पर्स गायब था। तलाश करने पर पर्स एक सीट पर पड़ा मिला, लेकिन उसमें रखा कीमती जेवर, नकदी और मोबाइल फोन गायब था। महिला ने मुरादाबाद पहुंचकर जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराई। जीआरपी प्रभारी का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।