नखासा थाना क्षेत्र के हौजभदे सराय निवासी रियाजुल के आठ महीने के बेटे शाहजेब का सोमवार की दोपहर पड़ोसी युवती मनतशा ने अपहरण कर लिया था। प्रेमी के साथ बच्चे को लेकर चली गई थी। पुलिस ने बच्चे के पिता की तहरीर पर अपहरण की रिपोर्ट दर्ज की। इसके बाद पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो युवती व उसका प्रेमी संभल कोतवाली क्षेत्र के चंदौसी चौराहे पर बच्चे के साथ दिखाई दिए थे। पुलिस ने सभी स्थानों पर लगे सीसीटीवी फुटेज की छानबीन शुरू की। साथ ही मुखबिर तंत्र सक्रिय किया तो बुधवार को संभल-जोया मार्ग से प्रेमी युगल को गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही बच्चा भी सुरक्षित बरामद कर लिया है।
युवती ने पुलिस को बताया कि वह अपने प्रेमी चंदौसी के मोहल्ला लक्ष्मणगंज पजाया निवासी शाहनवाज से निकाह करना चाहती है। परिवार के लोग निकाह करने को तैयार नहीं थे। इसलिए प्रेमी के साथ जाने की योजना बनाई थी, लेकिन प्रेमी के पास निकाह करने के लिए रुपये नहीं थे। इसलिए पड़ोसी रियाजुल के बेटे का अपहरण कर लिया था और उसको बेचकर निकाह करने की तैयारी थी। पुलिस ने आरोपी युवक और उसकी प्रेमिका को न्यायालय में पेश किया। जहां से जेल भेज दिया गया है।
चार महीने पहले ही युवती के पिता ने लिया था किराए पर मकान
आरोपी युवती ने बताया कि चार महीने पहले ही उसके पिता ने परिवार के रहने के लिए किराए का मकान रियाजुल के घर के सामने लिया था। रियाजुल के घर आना-जाना हुआ तो बच्चे से भी लगाव हो गया था। बच्चा काफी-काफी देर तक खेलता रहता था। कई बार बच्चे को घर भी ले आती थी, लेकिन जब प्रेमी के पास निकाह के लिए रुपये नहीं हुए तो बच्चा दूसरे किसी जिले में बेचने की योजना बनाई थी। बच्चे का अपहरण करने के बाद प्रेमी को फोन कर बुलाया था। इसके बाद बच्चा बेचने की फिराक में लगे थे।
पुलिस टीम ने बच्चे को सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सुपुर्द किया गया है। आरोपी युवक और उसकी प्रेमिका गिरफ्तार कर लिए गए हैं। आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि उन्होंने बच्चा बेचने की योजना बनाई थी। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से जेल भेज दिया गया है। -श्रीश्चचंद्र, एएसपी, संभल