सिविल लाइन में पांच साल की बच्ची की हत्या की गुत्थी अभी सुलझी भी नहीं थी कि शनिवार को कांठ के गांव मिलक पहाड़ मऊ में हाईस्कूल की एक छात्रा को नृशंसता से मार दिया गया। शनिवार को दोपहर करीब दो बजे छात्रा शौच के लिए जंगल गई थी। दो घंटा बाद भी नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश किया तो देर शाम उसकी लाश घर से करीब डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर उसी के गन्ने के खेत में अर्द्धनग्न हालत में पड़ी मिली।
परिस्थितिजन्य साक्ष्य हत्या बलात्कार के बाद छात्रा को गला घोंटकर मारे जाने का इशारा कर रहे हैं। हत्या में बिजनौर की सीमा में आने वाले पड़ोसी गांव के दो युवकों को नामजद किया है। कांठ के गांव मिलक पहाड़मऊ में कुछ ग्रामीणों ने जंगल में ही घर बना रखे हैं। इन्हीं में से एक ग्रामीण की बीस वर्षीय बेटी शनिवार को दोपहर करीब दो बजे शौच के लिए घर से निकली थी। लेकिन काफी देर तक लौटकर नहीं आई।
जंगल में ही घर होनेे की वजह से घर से महज डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर ही ग्रामीण का खेत है। परिवार की महिलाएं अपने खेत पर ही शौच को जाती हैं और अमूमन पंद्रह - बीस मिनट में लौट आती हैं। ऐसे में जब छात्रा दो घंटे तक भी नहीं लौटी तो छात्रा की मां ने बाकी परिजनों को बताया और उसकी खोज शुरू हो गई। ग्रामीण ने जब परिजनों के साथ जाकर अपने खेत पर तलाश किया तो ईख में बेटी की अर्द्धनग्न लाश पड़ी मिली।
जंगल में छात्रा की अर्द्धनग्न लाश मिलने की सूचना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सूचना मिलते ही एसपी देहात प्रबल प्रताप सिंह और बाकी पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। हालांकि परिजन इससे पहले लाश को घर उठा लाए थे। बाद में पुलिस ने लाश को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।
छात्रा के पिता ने मिलक पहाड़मऊ से आधा किलोमीटर दूर बसे निकटवर्ती जनपद बिजनौर के गांव हामानंगली निवासी अमरदीप पुत्र रोहिताश सिंह तथा ललित पुत्र राजपाल सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। परिजनों का कहना है कि इन्हें घटना के वक्त घटनास्थल के आसपास देखा गया था। घटनास्थल से महज दो सौ मीटर की दूरी पर अभियुक्तों के घर भी जंगल में बने हैं।