मुरादाबाद। नागफनी क्षेत्र में युवती के अपहरण के बाद बुधवार को छोटी बहन को उठाने की धमकी देने का मामला सामने आया है। युवती की मां की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
नागफनी थानाक्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने तीन युवकों द्वारा बेटी को अगवा करने की बात कही है। महिला का कहना है कि अब आरोपी फोन कर धमकी दे रहे हैं कि अगर उसने पुलिस से शिकायत की तो उसकी दूसरी बेटी को भी अगवा कर लिया जाएगा। महिला ने एसएसपी कार्यालय में प्रार्थनापत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
महिला ने अपने प्रार्थनापत्र में बताया कि उसके पति की मौत हो चुकी है। वह सब्जी बेचकर अपने परिवार का पालन पोषण कर रही है। उसकी बड़ी बेटी छह जून से लापता है। वह तभी से अपनी बेटी की तलाश कर रही है। इसी बीच 15 जून को उसके मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने कहा कि वह अपनी बेटी की तलाश बंद कर दे। तेरी बेटी मेरे पास है। अगर बेटी की तलाश बंद नहीं की तो वह उसकी हत्या कर देगा।
इसके अलावा दो अन्य व्यक्तियों ने भी अलग अलग नंबरों से कॉल कर धमकी दी। आरोपियों ने धमकी दी है कि अगर उसने पुलिस से शिकायत की तो वह उसकी दूसरी बेटी को भी अगवा कर लेंगे। एसएसपी कार्यालय में शिकायत सुन रहे एएसपी ने नागफनी थाना प्रभारी को मामले में शीघ्र कार्रवाई कर युवती को बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए हैं। वहीं, थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।