मुरादाबाद। मैनाठेर थानाक्षेत्र में सड़क हादसे में घायल हुए युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। जबकि उसके साथी की हालत गंभीर है।
मैनाठेर थानाक्षेत्र के गांव मधुपुरी निवासी राजेश कुमार (22) उर्फ राहुल मझोला थानाक्षेत्र के लाकड़ी फाजलपुर स्थित गत्ता फैक्टरी में नौकरी करता था। 12 जून की शाम राजेश अपने ही गांव के जोगेश के साथ ड्यूटी करने के बाद बाइक से घर लौट रहा था। मैनाठेर थानाक्षेत्र के लालपुर हमीर के पास संभल रोड पर उनकी बाइक को अज्ञात कार ने टक्कर मार दी थी। इस हादसे में बाइक सवार दोनों युवक घायल हो गए थे। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार को उपचार के दौरान राजेश ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया।