मुरादाबाद। एसएसपी दफ्तर के बाहर सोमवार दोपहर एक युवती ने जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। युवती ने उल्टियां की तो ऑफिस में तैनात पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। पुलिस कर्मी युवती को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे और भर्ती करा दिया। युवती की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के मुताबिक, युवती कटघर थानाक्षेत्र में रहती है। उसके पिता जम्मू-कश्मीर में सीआरपीएफ में तैनात हैं। बताया जा रहा है कि युवती के प्रेम संबंध एक दूसरे समुदाय के युवक से हैं। दोनों शादी करना चाहते हैं, लेकिन युवती और युवक के परिवार शादी के लिए तैयार नहीं हुए। इसके बाद युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए कटघर थाने में तहरीर दी थी, पुलिस ने मामले की जांच की और दोनों पक्षों को थाने बुलाया था। तब दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। इसके बाद युवक ने फोन नंबर बंद लिया था। बताया जा रहा है कि युवती अब भी उसी से शादी करने की जिद पर अड़ी है। सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे वह अपनी बहन के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंच गई। इसी दौरान वह उल्टियां करने लगी। जिससे दफ्तर में तैनात पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर सिविल लाइंस थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और युवती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलने पर युवती के परिजन भी अस्पताल आ गए और वह युवती को निजी अस्पताल ले गए। सिविल लाइंस थाना प्रभारी रविंद्र प्रताप ने बताया कि युवती किसी युवक से शादी करना चाहती है। परिजन तैयार नहीं हैं। इसी के चलते युवती ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया है। उसे अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।