मुरादाबाद। कटघर क्षेत्र के शिवपुरी कॉलोनी में गैस पाइपलाइन डालने के नाम पर कंपनी के कर्मचारियों ने बिना किसी अनुमति के सड़कों और घरों के सामने जगह-जगह गड्ढे खोद डाले। कई दिनों से खुले पड़े इन गड्ढों में लोग गिरकर घायल हो रहे हैं। शिकायतों का कोई असर नहीं हुआ तो आखिरकार क्षेत्रीय पार्षद को खुद ही मोर्चा संभालना पड़ा और नगर निगम की मदद से गड्ढों को भरवाना पड़ा।वार्ड के लोगों का कहना है कि कुछ ही महीने पहले उनकी सड़कों का पुनर्निर्माण हुआ था। अब गैस पाइपलाइन डालने के नाम पर सड़क को जगह-जगह फिर से खोद दिया गया है। खोदाई करने वालों ने तीन से चार दिन में गड्ढे भरने का वादा किया था लेकिन 15 दिन बीत जाने के बाद भी किसी ने पलटकर नहीं देखा। इस दौरान दो बच्चे और एक बुजुर्ग गड्ढों में गिरकर चोटिल हो गए। शिवपुरी के संजीव कुमार और दीपक अरोड़ा ने बताया कि ठेकेदारों ने बिना किसी सूचना के खुदाई शुरू कर दी थी। कई बार कहा गया कि पहले लिखित अनुमति दिखाओ लेकिन कर्मचारियों ने अनदेखी कर दी।
क्षेत्रीय पार्षद विवेक शर्मा ने कहा कि गैस लाइन डालने के नाम पर यह सब मनमानी चल रही है। महापौर ने पहले ही शिवपुरी और लाजपत नगर क्षेत्र में खुदाई पर रोक लगा दी थी। बावजूद इसके कंपनी के लोग नियमों की अनदेखी कर खुदाई करते रहे। उन्होंने कहा कि अगर दोबारा वार्ड में बिना अनुमति के खुदाई की गई तो महापौर के माध्यम से संबंधित कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। पार्षद के मुताबिक बार-बार शिकायतों के बाद भी जब कंपनी के अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे तो उन्होंने खुद मिट्टी मंगवाकर गड्ढे भरवाए। उन्होंने कॉलोनीवासियों से भी अपील की है कि अब बिना अनुमति किसी को भी खुदाई न करने दें।
00
स्थानीय लोगों में फूटा गुस्सा
लोगों में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि निगम प्रशासन की ओर से अब तक कोई टीम मौके पर नहीं पहुंची। सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे देखकर ऐसा लगता है जैसे कोई जिम्मेदार विभाग ही नहीं है। फिलहाल पार्षद के हस्तक्षेप से गड्ढों को अस्थायी रूप से भरवाया गया है लेकिन लोगों को डर है कि कुछ ही दिनों में कंपनी फिर लौटेगी और खुदाई शुरू कर देगी। कॉलोनीवासियों की मांग है कि गैस लाइन डालने से पहले टाइमलाइन सार्वजनिक की जाए ताकि लोगों को पता चल सके कि कब और कहां काम होगा। साथ ही सड़कों की मरम्मत का काम भी साथ-साथ चले।