मुरादाबाद। अमेरिका में शटडाउन खत्म होने पर निर्यातकों को राहत मिलने का आसार हैं। साथ ही अमेरिका की ओर से ड्यूटी कर भी 25 प्रतिशत से घटाकर 15 प्रतिशत होने की सुगबुगाहट के बीच आने वाले साल में बेहतर निर्यात होने की उम्मीद है।
जिला उद्योग केंद्र के अनुसार मुरादाबाद से हर साल 10437 करोड़ रुपये का हस्तशिल्प उत्पाद का निर्यात होता है। इसमें 60 प्रतिशत निर्यात अकेले अमेरिका होता है। निर्यातकों ने बताया कि 2025 में मुरादाबाद से अमेरिका के लिए निर्यात निराशाजनक रहा है। अमेरिका से बड़े आर्डर नहीं मिले हैं। लेकिन अगर अमेरिका में शटडाउन खत्म होता है तो आगामी वर्ष में निर्यातकों को फायदा मिलने की उम्मीद है। शटडाउन खत्म होने की सूचना पर निर्यातकों में खुशी है। निर्यातकों का कहना है कि अमेरिका द्वारा भारत पर लगाए गए 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ से पिछले तीन महीने में 30 प्रतिशत हस्तशिल्प उत्पाद का निर्यात घटा। यदि शटडाउन हटता है और ड्यूटी कर 25 प्रतिशत से घटाकर 15 प्रतिशत की जाती है तो निर्यातकों का राहत मिलने की संभावना बढ़ जाएगी। एमएचईए प्रेसिडेंट नावेद उर रहमान ने बताया कि नवंबर महीने के अंतर तक अमेरिका की ओर से एक बड़ा फैसला आने की संभावना है। अगर फैसला निर्यातकों के हित में होता है तो आगामी वर्ष में इसका लाभ जरूर मिलेगा। जिले के उन निर्यातकों को भी फायदा मिलेगा, जिन्हें अमेरिका से छोटे आर्डर भी मिलते हैं।
000
- शटडाउन हटने की खबर से निर्यातकों में खुशी है। यदि पूरी तरह से शटडाउन हट जाता है तो निर्यातकों को फायदा होगा। निर्यातकों को शटडाउन हटने का इंतजार है। मुरादाबाद से हस्तशिल्प उत्पाद का एक बड़ा हिस्सा अमेरिका निर्यात किया जाता है। छोटे-बड़े अधिक संख्या में अमेरिकी खरीदार जिले के निर्तायकों के जुड़े हैं।- सुरेश कुमार गुप्ता, चेयरमैन, आईआईए हैंडीक्रॉफ्ट डेवलेपमेंट कमेटी
00
- वर्ष 2025 में जिले का हस्तशिल्प उत्पाद का व्यापार निराशाजनक रहा है। अमेरिका द्वारा ड्यूटी कर 25 प्रतिशत से कम कर 15 प्रतिशत करने पर आगामी वर्ष में निर्यातकों को फायदा मिलेगा। यदि शटडाउन हटाया जाता है तो खरीदारों की स्टोर पर बिक्री बढ़ेगी और वह इंडिया की तरफ आर्डर के लिए रुख करेंगे।- सतपाल, सचिव, द हैंडीक्रॉफ्ट एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन
00
- निर्यातक दूसरे देेश में हस्तशिल्प उत्पाद का व्यापार करने के लिए खरीदारों की तलाश कर रहे हैं। हालांकि दूसरे देश के खरीदार अभी कोई खास दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। इसलिए अमेरिका की ओर से शटडाउन हटाने और ड्यूटी कम किया गया तो आगामी वर्ष में निर्यात में फिर से बढ़ने की उम्मीद रहेगी।- विकास अग्रवाल, मुरादाबाद एसईजेड, एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन