कांठ। मोहल्ला पट्टीवाला स्थित सैनी धर्मशाला परिसर में चल रहे 11 दिवसीय श्री गणेश चतुर्थी महोत्सव का शुक्रवार को विधि-विधान से समापन होगा। महोत्सव के नौवें दिन भी श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश का विधि-विधान से पूजन करते हुए शाम को ढोलक-मंजीरों को भजन-कीर्तन किया।
शुक्रवार को इस अनुष्ठान का समापन कर सैनी धर्मशाला से भव्य श्री गणेश प्रतिमा विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी, जो निर्धारित मार्गों से होते हुए रामगंगा पर पहुंचेगी और यहां विधि-विधान से विसर्जन किया जाएगा। वहीं कांठ के चौक बाजार माली सराय स्थित श्री यादव यदुवंशीय समाज के शिव मंदिर पर चल रहे 11 दिवसीय श्री गणेश महोत्सव का भी शुक्रवार को समापन होगा। यहां से श्री गणेश प्रतिमा विसर्जन यात्रा निकाली जाएगी। इधर, यात्राओं को लेकर पुलिस ने भी पूरी तैयारी कर ली है। थाना प्रभारी निरीक्षक सुदेश पाल सिंह ने बताया कि श्री गणेश प्रतिमा विसर्जन 25 सितंबर को होगा। संवाद