रामगंगा नदी का जलस्तर घटा । संवाद
मुरादाबाद। रामगंगा का जलस्तर घट रहा है लेकिन गागन नदी खतरे के निशान से अभी भी 57 सेमी ऊपर बह रही है। इस कारण गागन नदी के किनारे बसे 40 परिवारों को मकान छोड़ कर जाना पड़ा है। बाढ़ के पानी में आफतनगरी और भोले नगरी के 120 घर घिरे हुए हैं। जिला प्रशासन ने 45 लोगों को ढक्का स्थित शरणालय में रखा है।
रामगंगा नदी के खतरे का निशान 190.60 मीटर है लेकिन इस नदी का जलस्तर मंगलवार की शाम घटकर 189.80 मीटर पर आ गया। इसी प्रकार गागन नदी के खतरे का निशान 192 मीटर है। यहां गागन नदी शाम को खतरे के निशान से 57 सेमी ऊपर (192.570) पर बह रही है। स्थिति को गंभीर देखते हुए जिले के अधिकारी ने गागन नदी से सटे भोला नगरी और आफत नगरी (शिवशक्ति नगरी) पर नजर रख रहे हैं। मंगलवार को राजस्व के अधिकारियों ने नदी के इर्दगिर्द बसे लोगों से संपर्क किया। एसडीएम सदर डॉ. राम मोहन मीणा ने इस मामले में अधीनस्थों से रिपोर्ट ली है। इस मामले में प्रशासन ने एसडीआरएफ को भी सतर्क रहने के लिए कहा है।