मुरादाबाद। कटघर थानाक्षेत्र के दौड़बाग में मामूली विवाद में दो पक्षों में जमकर पथराव हुआ। इस दौरान दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर लाठी डंडे से भी हमला किया और फायरिंग भी की गई। इस घटना में दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है।
कटघर थाना क्षेत्र के दौड़बाग निवासी रवि ने दर्ज कराए केस में बताया कि नौ अगस्त की रात वह अपनी पत्नी को बाइक पर बैठाकर पंडित नगला डॉक्टर के पास जा रहे थे। रास्ते में आकाश, गुड्डू, रवि, पप्पू, उसका भाई धर्मवीर, जगन्नाथ और रामकुंवर खड़े थे। रवि का कहना है कि उसने हटने के लिए हॉर्न बजाया लेकिन लोग रास्ते से नहीं हटे। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने अभद्रता की और मारपीट करने लगे। आरोपी आकाश ने तमंचे से फायर भी किया। रवि को बचाने आए अर्पित, सुनील और अजय को मारपीट कर घायल कर दिया गया। दूसरे पक्ष के आकाश ने दर्ज कराए केस में बताया कि रवि से विवाद हो गया था। उस समय लोगों ने समझौता करा दिया था। आरोप लगाया कि नौ अगस्त की रात गांव में लगे मेले में रवि, राहुल, अर्पित, सुनील और उसके साथियों ने उस पर हमला कर दिया जिसमें वह घायल हो गया। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि इस घटना में एक पक्ष से चार और दूसरे पक्ष से एक युवक घायल हुआ है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ केस दर्ज कराए हैं।