पीएम, सीएम समेत कई दिग्गजों ने जताया दुख
भाजपा प्रत्याशी कुंवर सर्वेश कुमार के निधन पर पीएम नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राजनाथ सिंह समेत कई दिग्गज नेताओं ने दुख जताया है। पीएम ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा कि मुरादाबाद से भाजपा उम्मीदवार के असामयिक निधन ने अत्यंत दुख हुआ।
वे अपने आखिरी समय तक जनसेवा और समाजसेवा के प्रति समर्पित रहे। गृहमंत्री अमित शाह ने लिखा कि मुरादाबाद से हमारे प्रत्याशी के निधन की सूचना से हृदय बहुत दुखी है। अभी कुछ दिन पहले ही मुरादाबाद में उनके लिए प्रचार करने गया था।
तब उनसे हर बार की तरह आत्मीय भेंट व चर्चा हुई थी। सीएम योगी ने कहा है कि कुंवर सर्वेश सिंह के निधन से स्तब्ध हूं। ये भाजपा परिवार के लिए अपूर्णीय क्षति है। राजनाथ सिंह ने लिखा कि पूर्व सांसद के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है।
वे जमीन से जुड़े नेता थे और जनता के बीच काफी लोकप्रिय थे। मुरादाबाद जिले के प्रभारी मंत्री जितिन प्रसाद ने लिखा कि मुरादाबाद के पूर्व सांसद कुंवर सर्वेश सिंह के निधन से दुखी हूं।
भाजपा प्रत्याशी कुंवर सर्वेश सिंह के निधन से दुखी हूं। ईश्वर उनके परिवार को दुख सहने की शक्ति प्रदान करे। दुख की इस घड़ी में मैं उनके परिवार के साथ हूं। - रुचि वीरा, सपा प्रत्याशी
कुंवर सर्वेश सिंह के असामयिक निधन की खबर सुनकर मुझे गहरा सदमा लगा। उनका जाना मुरादाबाद के लिए अपूर्णीय क्षति है। उनके शोकाकुल परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है। मैं प्रार्थना करता हूं कि ईश्वर उनके परिवार सहित हम सबको इस दुखद क्षण को सहन करने की शक्ति प्रदान करे। - पवन कुमार जैन, विभाग प्रचार प्रमुख आरएसएस
वह मुझसे वरिष्ठ नेता थे। उनके बेटे की शादी में मेरी उनसे काफी देर तक मुलाकात हुई थी। इसके अलावा जिले के विभिन्न स्थानों पर शादी समारोहों में कई बार उनसे मुलाकात हुई। बहुत मोहब्बत से मिलते थे। हालचाल पूछते थे। उनका जाना दुखद है। ऊपर वाला उनकी आत्मा को शांति और परिवार वालों को दुख सहन करने की हिम्मत प्रदान करे। - डॉ. एसटी हसन, सांसद सपा
सर्वेश जी शेर दिल इंसान थे, खानदानी राजनीतिज्ञ थे। सर्वेश जी से मेरे संपर्क में बाद में आए, उससे पहले मेरी मुलाकात उनके पिता बाबू रामपाल जी से थी। चुनाव को लेकर कई बार वह मुझसे सलाह मशविरा करने आए थे। उनकी खासियत अपने लोगों के साथ विपरीत परिस्थिति में भी खड़े होने की थी। मैं जब भी रत्तूपुरा उनके घर गया हर समय सैकड़ों की भीड़ उनके यहां रहती थी। पार्टी ने एक लोकप्रिय व बेहतर सूझबूझ वाला साथी खो दिया है। - डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त, एमएलसी
सर्वेश जी से मेरी अक्सर मुलाकात होती रहती थी। शहर और शहर के तमाम लोगों की खैरियत के बारे में भी वह मुझसे पूछते थे। मतदान से दो दिन पहले बढ़ापुर में मुख्यमंत्री की सभा में मेरी मुलाकात हुई तो उन्होंने चुनाव को लेकर मुझसे शहर का फीडबैक भी लिया था। वह बिल्कुल ठीक लग रहे थे। शुक्रवार को वोट भी डाला, लेकिन वह असमय चले जाएंगे ऐसी उम्मीद नहीं थी। उनका जाना पार्टी के लिए अपूर्णीय क्षति है। - विनोद अग्रवाल, मेयर