भगतपुर। सत्तीखेड़ा टाहमदन मोड़ के पास रविवार सुबह मामूली कहासुनी में फल विक्रेताओं में मारपीट हो गई। इस दौरान एक फल विक्रेता घायल हो गया। आरोप है कि दूसरे पक्ष ने उसके सिर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घायल की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
ग्राम बहेड़ी रोशनपुर निवासी प्रदुम की सत्तीखेड़ा मोड़ के पास फल की दुकान है। प्रदुम का आरोप है कि रविवार सुबह सामने दुकान लगाए बैठे फल विक्रेता से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट कर दी और सिर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
घटना के बाद प्रदुम परिजनों के साथ थाना भगतपुर पहुंचा और पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर भदगवां निवासी अमरपाल, प्रियांशु और कुलदीप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है। संवाद