सैफनी/शाहबाद(रामपुर)। ठाकुरद्वारा में परीक्षा केंद्र से 300 मीटर दूर डिग्री कॉलेज में यूपी बोर्ड की कॉपियां लिखवाए जाने का मामला ठंडा नहीं पड़ा कि इस बीच मुरादाबाद जिले की एक छात्रा को धुंधले फोटो वाला फर्जी प्रवेशपत्र थमाकर रामपुर जिले के एक परीक्षा केंद्र पर हमनाम परीक्षार्थी के स्थान पर इम्तिहान दिलाने का मामला पकड़ा गया है। इस मामले में परीक्षा केंद्र बने सैफनी क्षेत्र के प्रधानाचार्य और कुंदरकी क्षेत्र के शिक्षक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
शिक्षा माफिया के इस खेल का खुलासा शनिवार को प्रथम पाली में हाईस्कूल सामाजिक विज्ञान की परीक्षा के दौरान हुआ। लखनऊ स्थित परीक्षा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के बाद डीआईओएस मुनेश कुमार सचल दल के साथ सैफनी क्षेत्र में छितौनी ्िस्थत अब्दुल वहीद मुस्लिम इंटर कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र पर पहुंचे, जहां परीक्षा के पहले दिन से गैर हाजिर एक छात्रा के स्थान पर उसके समान नाम वाली दूसरी छात्रा परीक्षा देते हुए मिली।
छात्रा से पूछताछ के बाद डीआईओएस ने बताया कि मौके पर मिली छात्रा कुंदरकी (मुरादाबाद) क्षेत्र में मोहन तख्तपुर स्थित जेआर पब्लिक स्कूल में पढ़ती है। वहां के एक शिक्षक ने हाईस्कूल की परीक्षा दिलाने के नाम पर उसका फॉर्म भरवाया। बाद में उसका सेंटर सैफनी क्षेत्र में होने की जानकारी पिता को देते हुए छात्रा को छितौनी स्थित अब्दुल वहीद मुस्लिम इंटर कॉलेज भेज दिया था। जहां उसे प्रधानाचार्य ने फर्जी प्रवेशपत्र थमाकर उसे बोर्ड परीक्षाओं में शामिल करवा दिया।
डीआईओएस ने बताया कि केंद्र व्यवस्थापक की ओर से अब्दुल वहीद मुस्लिम इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मेहंदी हसन और कुंदरकी क्षेत्र के जेआर पब्लिक स्कूल के शिक्षक अजीम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। छात्रा से मिली कॉपी सील कर बोर्ड ऑफिस भेजी जा रही है। छात्रा के मामले में अगले निर्णय के लिए बोर्ड से राय ली जाएगी। पता चला है कि परीक्षा से गैर हाजिर चल रही हमनाम छात्रा भी कुंदरकी क्षेत्र की रहने वाली है।