हरथला सब्जी मंडी निवासी सुरेंद्र कुमार ने टीडीआई सिटी निवासी पुष्पेंद्र सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कराया है। वह परचून की दुकान चलाता है। उसने बताया कि टीडीआई सिटी रामगंगा विहार निवासी पुष्पेंद्र दुकान से सामान लेने आता था। पुष्पेंद्र सिंह मूलरूप से मूंढापांडे के चंदनपुर का निवासी है। उसने खुद को एमडीए में क्लर्क के पद पर तैनात बताया था।
कहा था कि वह नया मुरादाबाद योजना में कम कीमत पर मकान दिलवा देगा। उसने नया मुरादाबाद में 34.46 वर्ग मीटर का एक मकान दिखाया और बीस हजार रुपये मकान के पंजीकरण के नाम पर ले लिए थे। इसके बाद कहा कि तुम्हारे मकान का पंजीकरण हो गया है, अब शेष 7 लाख 66 हजार 300 रुपये किश्तों में देने होंगे। किश्त पूरी होने पर बैनामा कराने की बात कह दिया। पीड़ित ने आरोपी के बताए खाते में 7 लाख 66 हजार 300 रुपये जमा करा दिए थे। पूरी रकम देने के बाद बैनामा करने को कहा तो आरोपी पुष्पेंद्र टाल मटोल करने लगा था। पीड़ित ने एमडीए में जानकारी की तो पता चला कि पुष्पेंद्र नाम का कोई भी कर्मचारी यहां तैनात नहीं है। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस थाने में की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। परेशान होकर कोर्ट में अर्जी लगा दी। सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर आरोपी आरोपी पुष्पेंद्र के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है।