मुरादाबाद। एसएसपी हेमंत कुटियाल ने सोमवार को चार चौकी प्रभारियों को लाइन हाजिर कर दिया। उनके स्थान पर नये चौकी प्रभारियों की तैनाती कर दी गई है। लाइन हाजिर चौकी प्रभारियों में वह दो भी शामिल हैं जिन पर भाजपा विधायक रितेश गुप्ता ने पीड़ितों से अनुचित लाभ लेने का आरोप लगाते हुए पूर्व कप्तान को पत्र लिख कर जांच करा कार्रवाई की मांग की थी।
एसएसपी ने रेल चौकी प्रभारी ललित चौधरी, रामतलैया चौकी प्रभारी संजय कुमार, मंडी चौकी प्रभारी संयज तोमर तथा फकीरपुरा चौकी प्रभारी अनिरुद्ध को लाइन हाजिर कर दिया है। एसएसपी ने थाना सिविल लाइंस में तैनात उपनिरीक्षक फिरोज खान को थाना क्षेत्र की ही रेल चौकी का प्रभारी, कुंदरकी थाने में तैनात उप निरीक्षक दीपक मलिक को चौकी प्रभारी फकीरपुरा, पाकबड़ा थाने में तैनात उप निरीक्षक मदन कुमार को चौकी प्रभारी रामतलैया थाना मझोला तथा मझोला थाने में तैनात उप निरीक्षक संदीप मलिक को थाने की मंडी समिति चौकी की कमान सौंपी है।
इसी थाना क्षेत्र की पुलिस चौकी लाकड़ी फाजलपुर पिछले कुछ समय से खाली चल रही थी। वहां थाने के उपनिरीक्षक स्वामी नाथ को चौकी नियुक्त किया है। इसके अलावा थाना मझोला में तैनात उप निरीक्षक कृष्णपाल को पुलिस लाइंस तथा अपराध शाखा के उप निरीक्षक अनिल कुमार को प्रभारी न्यायालय सुरक्षा नियुक्त किया है। खास बात यह है कि इन लाइन हाजिर चौकी प्रभारियों में राम तलैया और मंडी समिति पुलिस चौकी के प्रभारी भी शामिल हैं। इन दोनों ही चौकियों की पुलिस पर पीड़ितों से अनुचित लाभ लेने समेत कई आरोप भाजपा विधायक रितेश गुप्ता पूर्व में तैनात रहे एसएसपी बबलू कुमार से लगा चुके हैं।