बिलारी। क्षेत्र के हरोरा गांव के जंगल में शनिवार दोपहर अचानक आग लगने से एक किसान के चार बीघे खेत में खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। वहीं उसके पॉपुलर के 25 पेड़ भी झुलस गए। पीड़ित किसान ने पुलिस प्रशासन से घटना की जांच कराने और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।
हरोरा गांव निवासी किसान राहुल सिंह के पास पांच बीघा कृषि भूमि है। अपने इस खेत में उसने गेहूं की फसल बोई थी। मुरादाबाद में फर्म में मजदूरी करने वाले राहुल सिंह को गेहूं की फसल काटने का समय नहीं मिल पाया था। उसने मजदूरों की व्यवस्था करके रविवार सुबह से अपनी गेहूं की फसल कटवाने की योजना बनाई थी। शनिवार दोपहर लगभग साढ़े ग्यारह बजे अचानक किसान राहुल सिंह की गेहूं की फसल में आग लग गई।
सूचना मिलने पर राहुल सिंह अपनी पत्नी आरती और बच्चों को लेकर खेत पर आग बुझाने पहुंचे। उनकी सूचना पर थाना बिलारी पुलिस और अग्निशमन की टीम मौके पर पहुंच गई। अग्निशमन कर्मियों ने पानी की बौछार की और दो किसानों ने रोटावेटर की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। सभी लोगों के प्रयास से आग बुझा ली गई लेकिन केवल एक बीघा ही गेहूं की फसल बच पाई जबकि चार बीघा फसल जलकर राख हो गई। राहुल सिंह के अनुसार खेत में आग लगने से उनके पॉपुलर के 25 पेड़ भी आग की लपटों से झुलस गए। आग बुझ जाने के बाद ग्रामीणों की काफी भीड़ लग गई। अपनी पत्नी और तीनें बच्चों के साथ खेत में रोते बिलखते किसान राहुल सिंह को ग्रामीण समझाते नजर आए।