छोटी- छोटी कहासुनी और मनमुटाव से दंपती के वैवाहिक जीवन में आई खटास आपसी सहमति ने खत्म कर दी। राष्ट्रीय लोक अदालत में जुटे पति पत्नी एक दूसरे के गिला शिकवा भूल साथ रहने को तैयार हो गए। कोई तीन से कोर्ट कचहरी के चक्कर काट रहा था तो किसी ने हर संभव घर गृहस्थी को टूटने से बचाने कोशिश की। तीन साल से चल रहे विवाद मात्र तीस मिनट में खत्म हो गए। मां बाप एक साथ आए तो उनके बच्चों के चेहरे पर भी खुशी देखते ही बन नजर आई। पति पत्नी ने अपने बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया और फिर से एक साथ हंसी खुशी से रहने की कसमें लेकर कचहरी से विदा हुए।
बच्चों के प्यार के आगे हम भूल गए अपना झगड़ा
मुरादाबाद। रामपुर जनपद के मिलक निवासी धवल किशोर की शादी 2014 में मुरादाबाद निवासी पूजा रस्तोगी के साथ हुई थी। दंपती का एक बेटा युवराज (08) और बेटी तनवी (06) है। धवल किशोर ने बताया कि उनकी मिलक में ही माला की दुकान है। दूसरे लोगों के बहकावे में आकर हमारे वैवाहिक जीवन में खठास आ गई थी। इसके बाद पति ने कोर्ट में केस करा दिया था, लेकिन बच्चों के प्यार के आगे हम अपना विवाद भूल गए। शनिवार को लोक अदालत में हम दोनों के बीच आपसी सहमति से समझौता हो गया है। अब हम साथ साथ रहेंगे।
हमारे बीच अब कोई विवाद नहीं, रहेंगे साथ साथ
मुरादाबाद। सिविल लाइंस के एमडीए कालोनी निवासी पुलकित की शादी संभल निवासी दिव्या के साथ हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं। पुलकित का कहना है कि मायके वालों के ज्यादा दखल की वजह से घर में विवाद शुरू हो गया था। हमारे बीच अब कोई विवाद नहीं है। अब साथ रहेंगे और बच्चों की अच्छे से परवरिस करेंगे।
पति-पत्नी ने दूर किए गिला शिकवा, कचहरी से ही विदाई
मुरादाबाद। मुरादाबाद निवासी वीरेंद्र सिंह चौधरी रेलवे विभाग में सेक्शन इंजीनियर हैं। उनकी शादी 2017 में मोनिका के साथ हुई थी। छोटे छोटे घरेलू विवाद की वजह से दंपती के वैवाहिक जीवन में खटास आ गई थी। जिस कारण मामला कोर्ट तक पहुंच गया। शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में वीरेंद्र और मोनिका के गिले शिकवे दूर हो गए। कचहरी से ही मोनिका अपने पति के साथ चली गई।