मुरादाबाद। पांच पुलिसकर्मी तैनात करने के बावजूद मूंढापांडे थानाक्षेत्र के भदासना गांव स्थित हवाई पट्टी की दीवार फिर तोड़ दी गई। हैरत की बात यह है कि हवाई पट्टी पर ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में बुधवार को ही दो पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है और पांच के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है। फिर भी गंभीरता नहीं दिखाई गई और दीवार टूट गई। गजब यह कि दो साल में चार बार यह दीवार तोड़ी गई है पर इसका पुलिस प्रशासन अधिकारी कोई पुख्ता इंतजाम नहीं कर पाएं हैं। गुरुवार सुबह पुलिस कर्मियों ने आनन फानन मजदूरों को लगाकर दीवार का निर्माण कराया ताकि यह जानकारी अफसरों तक न पहुंच सके।
मूंढापांडे के भदासना गांव के नजदीक हवाई पट्टी का निर्माण किया जा रहा है। जल्द ही इसे एयरपोर्ट का रूप दिया जाना है और यहां से घरेलू उड़ानें शुरू होनी हैं। यह काम अब जल्दी पूरा करना है। इससे सटे भदासना गांव के लोग अपने खेतों पर हवाई पट्टी से होकर जाते हैं। यहां दीवार बनने का ग्रामीणों ने विरोध किया था। करीब तीन साल पहले ग्रामीणों ने दीवार तोड़ दी थी, ताकि वह अपने खेतों पर सीधे जा सकें। इसकी सूचना पर पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। तब ग्रामीणों की ओर से मांग की गई थी कि अगर हवाई पट्टी के बराबर वाली सड़क का निर्माण हो जाएगा तो दीवार को कोई नहीं तोडेे़गा।
इसके बाद दीवार के बराबर में सड़क निर्माण कराने के साथ ही यहां पुलिस गारद भी तैनात कर दी गई थी। एक साल तक तो दीवार सुरक्षित रही थी, इसके बाद फिर से दीवार तोड़ी जाने लगी। पिछले दो साल में पहले तीन बार दीवार तोड़ी जा चुकी है। बुधवार रात फिर से चौथी दीवार तोड़ दी गई। हवाई पट्टी में निर्माण कार्य में लगे मजदूर गुरुवार सुबह पहुंचे तो उन्होंने दीवार टूटी देखी। इसकी जानकारी यहां मौजूद पुलिस कर्मियों को दी गई। गारद इंचार्ज रविंद्र सिंह पुलिस कर्मियों को लेकर मौके पर पहुंचे और उन्होंने साइकिल लेकर निकल रहे एक ग्रामीण को पकड़ लिया और उसे थाने भिजवा दिया। हालांकि, बाद में ग्रामीण को भी चेतावनी देकर थाने से छोड़ दिया गया है। मूंढापांडे थाना प्रभारी नवाब सिंह ने बताया कि दीवार तोड़े जाने के मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। अगर तहरीर मिलेगी तो रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
तीन दिन पहले हुई थी चोरी की कोशिश
मुरादाबाद। हवाई पट्टी में तीन दिन पहले भी चोरी की कोशिश की गई थी, तब गार्ड के गोली चलाने पर चोर मौके से भाग निकले थे। हवाई पट्टी को विकसित किया जा रहा है। यात्रियों के सामान की चेकिंग के लिए एक्सरे मशीन और मेटल डिटेक्टर खरीदे गए हैं। एक्सरे मशीन और मेटल डिटेक्टर यात्री कक्ष में रखे गए हैं। सोमवार रात चोर यात्री कक्ष का शीशा तोड़कर अंदर घुस गए थे। कार्यदायी संस्था के निजी गार्ड ने चोरों की आहट पर फायरिंग कर दी थी। इसके बाद चोर मौके से भाग निकले थे। हालांकि इस मामले में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।
बुधवार की रात इस टीम की थी ड्यूटी
मुरादाबाद। हवाई पट्टी की सुरक्षा में चौबीस घंटे गार्द तैनात रहती है। बावजूद इसके सुरक्षा में लापरवाही सामने आ रही है। मूंढापांडे थानाक्षेत्र के भदासना स्थित हवाई पट्टी पर गारद लगी है। पुलिस लाइन के प्रतिसार निरीक्षक और मूंढापांडे थाने के प्रभारी निरीक्षक ने 10 जनवरी को गारद को चेक किया था। चेकिंग में दोनाें गारद इंचार्ज हेड कांस्टेबल योगेंद्र पाल और कांस्टेबल अनिरुद्ध कुमार गायब पाए गए थे। रिपोर्ट मिलने के बाद एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने दोनों पुलिस कर्मियों को बुधवार शाम साढ़े सात बजे निलंबित कर दिया था। इन पुलिस कर्मियों की जगह दूसरे पुलिस कर्मियों को ड्यूटी पर भेज दिया गया था। रविंद्र सिंह ने बताया कि बुधवार रात कांस्टेबल अमित कुमार, गौरव, मोहम्मद सालिम और कपिल की ड्यूटी थी। इसके अलावा खुद गारद इंचार्ज रविंद्र भी मौजूद थे। रविंद्र सिंह का कहना है कि एक दो ईंटें दीवार से हटा दी गईं थीं। उन्हें लगवा दिया गया है।
एयरपोर्ट की सुरक्षा को लेकर एडीएम प्रशासन ने एसएसपी को लिखा पत्र
फोटो
मुरादाबाद। एडीएम प्रशासन सुरेंद्र सिंह ने एसएसपी को पत्र लिखकर पिछले दिनों हुईं चोरी के प्रयास की जानकारी दी है। एडीएम ने बताया कि एसएसपी ने पुलिस चौकी पर सिपाहियों की संख्या बढ़ा दी है। एडीएम ने बताया कि एयरपोर्ट पर चार वॉच टॉवर बनाए गए हैं, जो दीवार से सटे स्थित आबादी से दूर हैं। ऐसे में गांव की ओर नजर रखने के लिए दो और टॉवर का निर्माण शुरू कराया गया है। इसके अलावा एयरपोर्ट की दीवार पर कंटीले तार लगवाने को कहा गया है। एयरपोर्ट पर प्रकाश की व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।
वर्जन
यहां ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर दो पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया जा चुका है। दीवार तोड़ने की हरकत को भी हल्के में नहीं लिया जाएगा। जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी। हवाई पट्टी की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता में है - प्रभाकर चौधरी एसएसपी