मुरादाबाद। सुस्त पड़ी कोरोना संक्रमण की रफ्तार अब बढ़ने लगी है। पांच नए पॉजिटिव केस मिले हैं। दंपति और नैनीताल से लौटे छात्र समेत पांच लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। पत्नी के संक्रमित होने पर पति का सैंपल लिया गया था। जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या तीन से पंद्रह पहुंच गई है।
शहर के एमडीए कालोनी का रहने वाला छात्र नैनीताल में पढ़ाई करता है। उसके कालेज में कुछ छात्र कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। नैनीताल से लौटने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छात्र का सैंपल लिया था। वहीं शहर की एक महिला को खांसी जुकाम होेने पर कोरोना की जांच कराई गई थी। सोमवार देर रात आई रिपोर्ट में छात्र और महिला पॉजिटिव पाए गए। इसके बाद दोनों संक्रमितों के संपर्क वालों का सैंपल लिया गया। इसकी रिपोर्ट मंगलवार शाम आई। इसमें महिला के पति संक्रमित पाए गए। इसके अलावा ठाकुरद्वारा की बुजुर्ग महिला और एक युवक भी कोरोना पॉजिटिव मिले हें। इसके साथ ही जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या 11905 हो गई है। सक्रिय मरीजों की संख्या पंद्रह हो गई है। वहीं अभी तक 11704 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।