मुरादाबाद। दूसरे चरण के टीकाकरण में बुजुर्गों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। मंगलवार को जिले के 17 केंद्रों पर हुए टीकाकरण में बुजुर्गों, बीमारों, स्वास्थ्य कर्मियों और फ्रंटलाइन वर्करों को टीका लगाया जाएगा। वैक्सीन की पहली डोज लगवाने वाले 728 लोगों में 542 बुजुर्ग शामिल रहे। जो कुल टीकाकरण का 74.45 प्रतिशत है।
देश में 16 जनवरी से शुरु हुए टीकाकरण के पहले चरण में हेल्थ केयर वर्करों और फ्रंटलाइन वर्करों को कोरोना से बचाव का टीका लगाया गया। पहले चरण का अभियान पूरा होने के बाद दूसरे चरण में एक मार्च से 60 वर्ष से अधिक आयु बुजुर्ग और 45 वर्ष पार के मरीजों को वैक्सीन की पहली डोज लगाई जा रही है। मंगलवार को जिले के 17 केंद्रों पर टीकाकारण के सत्र आयोजित किए गए। इसमें 728 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। इसमें बुजुर्ग, बीमार, स्वास्थ्य कर्मी और फ्रंटलाइन वर्कर शामिल रहे। टीकाकरण में सबसे अधिक बुजुर्गों की संख्या रही। 542 बुजुर्गों ने वैक्सीन की पहली डोज लगवाई। इसके अलावा 112 बीमारों ने भी टीका लगवाया। जिला अस्पताल में टीका लगवाने वाले 155 लोगों में 114 बुजुर्ग शामिल रहे। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. दीपक वर्मा ने बताया कि टीकाकरण को लेकर बुजुर्ग उत्साहित हैं। केंद्रों पर बुजुर्ग की संख्या अधिक देखने को मिल रही है।
नौ मार्च के टीकाकारण की स्थिति
- कुल टीकाकरण की संख्या : 728
- बुजुर्गों की संख्या : 542
- मरीजों की संख्या : 112
- हेल्थ केयर वर्करों की संख्या : 60
- फ्रंटलाइन वर्करों की संख्या : 14