उम्रदराज लोगों के लिए ठंड जानलेवा साबित हो रही है। बिलासपुर में ही अलग-अलग स्थानों पर तीन महिलाओं समेत पांच बुजुर्गों की मौत हो गई है।
डाक्टर जहां मौतों की वजह ठंड होने से इंकार नहीं कर रहे लेकिन तहसीलदार महेंद्र बहादुर सिंह के मुताबिक प्रशासन को ठंड से किसी भी शख्स की मौत होने की जानकारी नहीं है।
मोहल्ला साहूकारा की कलावती देवी यादव (100) की सोमवार को अचानक तबीयत खराब हो गई। परिजनों के मुताबिक चिकित्सक ने बताया कि बुजुर्ग महिला को ठंड लग गई थी।
मोहल्ला शीरीमियां निवासी वाजिद खां की पत्नी सलीमा बेगम (75) की भी ठंड लगने के कारण मौत हो गई। मोहल्ला बाजार कलां के सिनेमा रोड निवासी मुन्ना कश्यप के मुताबिक उनकी मां सुखदेई (81)
करीब दो सप्ताह पूर्व अपनी पुत्री के घर गई थीं जहां उन्हें ठंड लग गई। सोमवार की शाम उनकी मौत हो गई। नगरपालिका क्षेत्र के ग्राम कस्बा राजपुर निवासी मोहम्मद शाह (65) को भी करीब एक सप्ताह पहले ठंड लग गई थी। सोमवार की रात में उनका इंतकाल हो गया।
केमरी थाना क्षेत्र के ग्राम पृथ्वीपुर उर्फ चिड़ियाखेड़ा निवासी प्रेमशंकर गंगवार के मुताबिक उनके पिता डालचंद गंगवार (55) को भी करीब एक सप्ताह पूर्व ठंड लगी थी। सोमवार की रात करीब नौ बजे अचानक उनकी हालत ज्यादा खराब हो गई और उन्होंने दम तोड़ दिया।