मुरादाबाद रामपुर मार्ग पर हुए अक्रिमण को हटाने आई नगर निगम कर्मीयों को अभद्रता ना हिदायत देते शह?
मुरादाबाद। नगर निगम के अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर शहर विधायक रितेश गुप्ता और नगर आयुक्त संजय चौहान में टकराव की नौबत आ गई है। सोमवार को स्टेशन रोड से शुरू हुआ निगम का अभियान शहर विधायक ने प्रिंस रोड पर रुकवा दिया। अस्पताल और होटल के सड़कों पर रखे जो जेनरेटर अतिक्रमण हटाओ दस्ते ने जब्त किए थे, उन्हें विधायक के दबाव में टीम ने वापस कर दिया। इससे पहले प्रिंस रोड पर अस्पताल का अतिक्रमण हटाने के दौरान जमकर हंगामा हुआ। भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस को लाठियां फटकारनी पड़ीं। विधायक ने निगम पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए अभियान नहीं चलने देने का एलान किया है तो नगर आयुक्त का कहना है कि अतिक्रमण हटाओ अभियान हर हाल में चलेगा।
पुलिस के साथ पहुंचे नगर निगम के अतिक्रमण हटाओ दस्ते ने अभियान के तीसरे दिन स्टेशन रोड पर मुसाफिर खाने से आगे अतिक्रमण हटाना शुरू किया। दस्ते ने शेर सिंह बलवीर सिंह बार एंड रेस्टोरेंट द्वारा नाले पर बढ़ाकर किया गया निर्माण तोड़ने तोड़ने का प्रयास किया तो रेस्टोरेंट मालिक ने विरोध शुरू कर दिया। रेस्टोरेंट मालिक और निगम अधिकारियों में तीखी नोंकझोंक हुई। रेस्टोरेंट मालिक ने अपने अधिवक्ता को बुलाकर हाईकोर्ट का एक आदेश दिखाते हुए निर्माण को सही बताया। लेकिन निगम अधिकारियों ने कहा कि हाईकोर्ट का आदेश जितनी भूमि के लिए है, निर्माण उससे अधिक पर किया गया है। टीम ने रेस्टोरेंट मालिक से 11 हजार रुपये जुर्माना वसूलकर अतिक्रमण को खुद ध्वस्त करने के लिए 24 घंटे की मोहलत दी है। यहां से अतिक्रमण हटाते हुए निगम की टीम प्रिंस रोड पर पहुंची। यहां ग्रेस हास्पिटल के बाहर सड़क पटरी पर अस्पताल का जेनरेटर रखा था। निगम की टीम ने जेनरेटर को उठाकर अपनी ट्राली में लोड करना शुरू किया तो हास्पिटल मालिक डा. काशिफ व अस्पताल स्टाफ मौके पर आ गया। डाक्टर और निगम अधिकारियों के बीच इसे लेकर नोंकझोंक हुई। अस्पताल का महिला स्टाफ हंगामा करने लगा तो टीम के साथ मौजूद पुलिस कर्मियों ने लाठियां फटकार कर उन्हें खदेड़ा। टीम ने हास्पिटल का जेनरेटर उठाकर जब्त कर लिया। यहां से आगे बढ़ी टीम ने अन्नपूर्णा रेस्टोरेंट के सड़क पटरी पर रखे जनरेटर को जब्त कर ट्राली में लादने की कोशिश की तो हंगामा हो गया। रेस्टोरेंट मालिक और उनके परिवार की महिलाओं ने निगम टीम को घेर लिया। रेस्टोरेंट मालिक की सूचना पर शहर विधायक रितेश गुप्ता भी मौके पर पहुंच गए। विधायक को मौके पर देख लोग निगम की टीम से भिड़ गए। विधायक ने निगम टीम से अभियान रोकने को कहा। टीम रेस्टोरेंट स्वामी का जनरेटर साथ ले जाना चाहती थी लेकिन शहर विधायक ने उसे रुकवा दिया। विधायक ने निगम अधिकारियों से कहा कि अतिक्रमण हटाओ अभियान तभी चलेगा जब डीएम से बात हो जाएगी। दबाव में आई टीम ने रेस्टोरेंट मालिक और डाक्टर का जब्त किया जेनरेटर लौटाया और बैरंग लौट गई।
अभियान का नेतृत्व कर रहे मुख्य कर निर्धारण अधिकारी राकेश सोनकर ने बताया कि शहर विधायक ने डीएम से वार्ता के बाद अभियान शुरू करने को कहा है, लिहाजा अभियान बीच में रोक कर इसकी सूचना अधिकारियों को दे दी गई है। अभियान आगे चलेगा या नहीं इसका फैसला नगर आयुक्त करेंगे।
जेल की धमकी देकर हो रही वसूली: विधायक
मुरादाबाद। शहर विधायक रितेश गुप्ता का कहना है कि अतिक्रमण हटाने के नाम पर निगम प्रशासन पक्षपात कर रहा है। लोगों को जेल भेजने की धमकी देकर उनसे 50 हजार रुपये से एक लाख रुपये तक जबरन जुर्माना वसूला जा रहा है। विधायक ने कहा कि बिना किसी सूचना और नोटिस के निगम गैरकानूनी ढंग से अभियान चला रहा है। इसलिए लोगों की शिकायत पर मौके पर पहुंचकर अभियान को रुकवाया है। विधायक ने कहा कि जहां उन्होंने अभियान रुकवाया है वह जगह भी नगर निगम की नहीं है। वह जगह एक हाउसिंग सोसाइटी की है। विधायक ने बताया कि उन्होंने इसकी शिकायत डीएम से भी की है। महापौर से भी उनकी बात हुई है। डीएम ने मंगलवार को इसके लिए बैठक बुलाने को कहा है।
किसी कीमत पर नहीं रुकेगा अभियान: नगर आयुक्त
मुरादाबाद। नगर आयुक्त संजय चौहान का कहना है कि अतिक्रमण हटाओ अभियान शासन के आदेश पर शुरू किया गया है। अभियान को नियमों के तहत पूरी पारदर्शिता के साथ चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शहर विधायक द्वारा अभियान रुकवाने की जानकारी उन्हें अधीनस्थों ने नहीं दी है। इसके बारे में जानकारी की जाएगी। शहर में अतिक्रमण हटाने के लिए मुख्यमंत्री के निर्देश हैं, इसे किसी कीमत पर रोका नहीं जाएगा। जिन भी लोगों ने सड़कों पर अतिक्रमण किया है उसे हर हाल में ध्वस्त करके जुर्माना भी वसूल किया जाएगा। निगम की ओर से अतिक्रमणकारियों को पहले ही सूचना दी गई थी कि वह अपना अतिक्रमण खुद हटा लें।