पंचायत भवन में कोरोना का चेकअप करवाने लिये लाइन में खड़े लोग।
- फोटो : CITY
मुरादाबाद। मुरादाबाद में तेजी से बढ़ रहे कोरोना वायरस से लड़ने के लिए मुरादाबाद को शासन से पांच करोड़ रुपये मिले हैं। शनिवार को शासन से धनराशि जारी कर दी गई है। इस रकम से औषधि और उपकरण खरीदे जाएंगे।
गृह मंत्रालय द्वारा कोविड 19 की दूसरी लहर के दृष्टिगत महामारी से रोकथाम एवं बचाव के लिए गाइडलाइन जारी की गई है। तेजी से बढ़ रहे कोरोना वायरस से लड़ने के लिए प्रदेश के 75 जिलों को दो अरब 25 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। जिसमें मुरादाबाद को पांच करोड़ रुपये मिले हैं। इस धनराशि से दवाएं, पीपीई किट, एन-95 मास्क, होम मेडिकल किट, थर्मल स्कैनर, ऑक्सीजन सिलेंडर, टेस्टिंग किट पर व्यय किए जाएंगे। इसमें सर्विलांस एवं स्क्रीनिंग आपरेशन एवं कांटेक्ट ट्रेसिंग गतिविधियों में वाहन किराए पर लेना भी सम्मानित होगा। इस धनराशि को केवल कोविड-19 की रोकथाम और बचाव के लिए ही व्यय किया जाएगा। राज्य आपदा मोचक निधि से स्वीकृत इस धनराशि का जिला स्तर पर समुचित लेखाजोखा रखा जाएगा। माह के अंत में डीएम द्वारा हस्ताक्षरित किया जाएगा। इसे राहत आयुक्त की वेबसाइट पर भी फीड करना होगा।