कुंदरकी-डींगरपुर रोड पर बृहस्पतिवार रात साढ़े आठ बजे पुलिस और गोकशी के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने पैर में गोली मारकर दो आरोपी दबोच लिए। जबकि, तीन साथी कुंदरकी की ओर भाग गए। यहां फिर से पुलिस व आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस ने दो आरोपियों के पैर में गोली मारकर दबोच लिया।
इनके पांचवें साथी को भी पुलिस ने पकड़ लिया। चारों घायल आरोपियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि मैनाठेर क्षेत्र के मोहम्मदपुर बस्तौर में दो दिन पहले पशु के अवशेष मिले थे। मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार सुबह मिलक हिसामपुर निवासी शमी को गिरफ्तार किया।
आरोपी की निशानदेही पर मझोला क्षेत्र के जयंतीपुर स्थित एक मकान में छापा मारकर 180 किलो मांस बरामद किया था। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के नाम बताए। बताया कि 20 लोगों ने मोहम्मदपुर बस्तौर के जंगल में गोकशी की घटना को अंजाम दिया था।
इसमें शमी के अलावा सुहैब, जावेद, हैदर, अनस, फैज, बब्बू, जाकिर, नूर मोहम्मद, फाजिल, आकिल, आजम, कासिम, अतीक, गुलाम, मोहम्मद शफी, हाजी रियासत, इशरत जहां, रहाना, आशिफा के नाम प्रकाश में आए है। बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े आठ बजे मैनाठेर पुलिस व एसओजी डींगरपुर-कुंदरकी मार्ग पर मौजूद थी।
इस दौरान दो बाइक पर पांच लोग आ गए। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपियों ने फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग करते हुए ताहरपुर गांव निवासी बब्बू, गांगन वाली मैनाठेर निवासी आकिल, मिलक हिसामपुर निवासी अतीक व डिडौली क्षेत्र के गांव पायती कलां निवासी मोहम्मद शफी को गिरफ्तार कर लिया।
चारों के पैर में गोली लगी है, जबकि मिलक हिसामपुर निवासी आरोपी फाजिल को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। पुलिस ने चारों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।