मुरादाबाद। मुगलपुरा थाना क्षेत्र के मुफ्ती टोला में बृहस्पतिवार रात करीब दस बजे चुनाव की रंजिश में कांग्रेस पार्षद नदीमुउद्दीन और सपा के पूर्व पार्षद असद कमाल भिड़ गए। आरोप है कि इसी दौरान असद कमाल अपनी लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग की। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर बंदूक बरामद कर ली है।
मुगलपुरा क्षेत्र में वार्ड 62 मुफ्ती टोला क्षेत्र से सपा के पार्षद रहे असद कमल को नगर निगम चुनाव में कांग्रेस पार्षद प्रत्याशी नदीमुउद्दीन ने चुनाव हरा दिया था।
इसके बाद से दोनों के बीच विवाद चल रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका है। पार्षद नदीमुउद्दीन ने पुलिस को बताया कि बृहस्पतिवार शाम साढ़े छह बजे अपने भाई हसीबुद्दीन के साथ नमाज पढ़ने जा रहे थे। इसी दौरान वह असद कमाल के घर के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान असद कमाल, उसके बेटे सुबहान, नवाब ने चुनाव की रंजिश को लेकर गाली गलौज शुरू कर दी। उस वक्त नमाज पढ़ने जाने की वजह से वह शांत होकर चले गए थे। नमाज पढ़ने के बाद वह वापस आए तो आरोपियों ने फिर से उनके साथ गाली गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि नदीमुउद्दीन के साथ मारपीट की गई। इसके बाद वह अपने घर चले गए। आरोप है कि असद कमाल उनके घर पहुंच और धमकाने लगे। पार्षद का कहना है कि उनकी मां नईमा बेगम ने खिड़की खोलकर देखा तो असद कमाल ने रिवाल्वर से फायरिंग शुरू कर दी। कई फायरिंग के बाद आरोपी वहां चला गया। नदीमुउद्दीन का कहना है कि जब उन्होंने असद के घर जाकर बातचीत करने की कोशिश की तो आरोपी ने लाइसेंसी बंदूक निकाल ली और फायरिंग की। फायरिंग की आवाज सुनकर आस पड़ोस के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और पुलिस को सूचना दी। इस घटना की जानकारी मिलने पर एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह, सीओ कोतवाली सुनीता दहिया फोर्स लेकर मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आरोपी के घर में दबिश देकर उसको हिरासत में ले लिया और बंदूक बरामद कर ली है। इस मामले में असद कमाल, सुबहान, नवाब के केस दर्ज कर असद कमाल को गिरफ्तार कर लिया है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अब पूरी से क्षेत्र में शांति है।