मुरादाबाद। पीतलनगरी के हुनर की चमक को देश, दुनिया में शोहरत दिलाने के उद्देश्य से डेढ़ दशक पहले दिल्ली रोड जीरो प्वाइंट पर स्थापित किए गए सोर्सिंग हब को एमडीए मंगलवार से नीलाम करेगा। इसकी सभी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। करीब 185 करोड़ रुपये की बोली से इसकी नीलामी शुरू होगी।
वर्ष 2007 में नया मुरादाबाद में हाईवे के पास 12 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में सोर्सिंग हब का निर्माण कराया गया था। इसका मकसद हस्तशिल्प कारीगरों के हुनर को पहचान देने के साथ पीतल कारोबारियों के कारोबार को और बढ़ाना था। वातानुकूलित तीन मंजिला सोर्सिंग हब में लिफ्ट और स्वचालित सीढ़ियों की सुविधा भी दी गई, लेकिन संचालन से पहले ही ठेकेदार और एमडीए में भुगतान को लेकर विवाद हो जाने के बाद इसका संचालन शुरू नहीं हो सका। रखरखाव के अभाव में सोर्सिंग हब खंडहर हो गया। पिछली बोर्ड बैठक में इसे नीलाम करने के निर्णय के बाद एमडीए ने इसकी अनुमानित कीमत निकलवाई है। जो करीब 185 करोड़ रुपये है। एमडीए प्रशासन 13 मार्च से इसकी नीलामी प्रक्रिया शुरू कर रहा है।
वीसी शैलेष कुमार ने बताया कि नीलामी के लिए 13 मार्च सुबह दस बजे से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इच्छुक व्यक्ति 27 मार्च तक पंजीकरण करा सकते हैं। एनएस-09 पर 30 मीटर चौड़ी रोड पर स्थित इस सोर्सिंग हब की नीलामी में भाग लेने के लिए इच्छुक व्यक्ति को एक करोड़ रुपये पंजीकरण शुल्क के रूप में जमा करने होंगे।
तीस साल के लीज पर देने का हुआ था तीन साल पहले निर्णय
तीन साल पहले तत्कालीन वीसी यशु रुस्तगी की मौजूदगी में हुई बोर्ड बैठक में सोर्सिंग हब एवं वेयर हाउस को तीस साल के लिए लीज पर देने का निर्णय लिया गया था। तय किया गया था कि प्रथम पांच साल उसे सोर्सिंग हब को चालू करने के योग्य बनाने के लिए दिया जाएगा। इसके बाद हस्त शिल्प विभाग एमडीए को इससे होने वाली सालाना आमदनी की आधी धनराशि देगा, जो किसी भी दशा में 5.46 करोड़ रुपये से कम नहीं होगी, लेकिन बाद में हस्तशिल्प विभाग द्वारा कोई रुचि न दिखाने पर दो साल पहले बोर्ड की बैठक ने इसे हस्तशिल्प विभाग को देने का प्रस्ताव निरस्त कर दिया था।
-
निर्मित सोर्सिंग हब एवं वेयर हाउस में व्यवस्थाएं
- भूतल पर 24.20 वर्ग मीटर की 48 दुकानें
- प्रथम तल पर 39 दुकानें 24.20 वर्ग मीटर की
- द्वितीय तल पर 41 दुकानें 24.20 वर्ग मीटर की
- तृतीय तल पर 41 दुकानें 24.20 वर्ग मीटर की
- वेयर हाउस (बेसमेंट स्टोर) 114, क्षेत्रफल 12.40 वर्ग मीटर