मुरादाबाद। कृष्णा काॅलोनी स्थित मोमबत्ती फैक्टरी में अग्निकांड की घटना के 10 दिन बाद अग्नि शमन विभाग ने फैक्टरी मालिक को एक और नोटिस जारी किया है। जिसमें फैक्टरी मालिक से पूछा गया है कि फैक्टरी के अंदर कौन कौन ज्वलनशील रखे थे। बिजली का प्रमाणपत्र था या नहीं। फैक्टरी मालिक ने अभी तक कोई जवाब नहीं दिया है।
कृष्णा कॉलोनी निवासी अभिषेक अग्रवाल के घर से सटी मोमबत्ती की फैक्टरी में 31 जुलाई की रात आग लग गई। फायर ब्रिगेड ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था।घटना में करोड़ों की संपत्ति का नुकसान हुआ था। साथ ही आसपास के मकानों में भी काफी क्षति हुई थी। फैक्टरी का मलबा गिरने से पड़ोसियों का घरों में रहना मुश्किल हो गया था। पड़ोसियों ने फैक्टरी मालिक के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। सीएफओ डॉ. राजीव पांडेय का कहना है कि फैक्टरी मालिक को दूसरी बार सवालों के साथ एक नोटिस भेजा गया है। पहले नोटिस का फैक्टरी मालिक ने कोई जवाब नहीं दिया है। नोटिस के माध्यम से फैक्टरी मालिक से पांच सवाल किए गए हैं। फैक्टरी में कौन से ज्वलनशील पदार्थ रखे थे, किन कारणों के चलते आग लगी। बिजली विभाग से प्रमाण पत्र लिए थे या नहीं। आग से संभावित कितने की क्षति पहुंची है।