रेल अधिकारी को स्टेशन लेकर पहुंची
एंबुलेंस में लगी आग, अफरातफरी
- शुक्रवार को रेलवे ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट चंदौसी के उप प्राचार्य एंबुलेंस में बैठकर पहुंचे थे मुरादाबाद जंक्शन
- दून एक्सप्रेस में होना था सवार, वापसी ने लिए ड्राइवर ने की स्टार्ट तो हुई घटना
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
मुरादाबाद। शुक्रवार दोपहर तकरीबन ढाई बजे रेल अधिकारी को मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर लेकर पहुंची एक एंबुलेंस में अचानक आग लग गई। एंबुलेंस में बैठे ड्राइवर ने जल्दबाजी में बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना से स्टेशन परिसर पर अफरातफरी मच गई। स्टेशन पर तैनात सफाई कर्मी फौरन प्रेशर मशीन से आग बुझाने की कोशिश में लग गए। तकरीबन 20 मिनट बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग पर काबू पा लिया गया था।
रेल मंडल के चंदौसी स्थित जोनल रेलवे ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में भगवान सिंह उप प्राचार्य के रूप में तैनात हैं। पूर्व में वह सहायक वाणिज्य प्रबंधक के पद पर कार्य कर चुके हैं। भगवान सिंह देहरादून के निवासी हैं और शुक्रवार को वह दून एक्सप्रेस द्वारा देहरादून जाने के लिए ही चंदौसी से मुरादाबाद एंबुलेंस में बैठकर आए थे। एंबुलेंस रेलवे के ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में आपातकालीन सेवा के लिए है। जबकि उप प्राचार्य द्वारा इसे निजी उपयोग में लिया गया। एंबुलेंस चालक दीपक ने बताया कि वह उप प्राचार्य को रेलवे स्टेशन पर छोड़कर वापस जाने लिए जैसे ही एंबुलेंस स्टार्ट ही की, तभी अचानक आग लग गई। जल्दबाजी में वह बमुश्किल बाहर निकले और उनकी जान बच पाई।
सहायक वाणिज्य प्रबंधक पीएस बघेल ने बताया कि एंबुलेंस रेलवे की नहीं थी। यदि चंदौसी ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में एंबुलेंस को अनुबंध के तौर पर प्रयोग किया जा रहा हो तो इसकी जानकारी नहीं है। वहीं रेलवे ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट के उप प्राचार्य से उनका पक्ष जानने के लिए चार बार संपर्क किया गया लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठा।