कुंदरकी। कमालपुर फतेहाबाद के रकबे में हाईवे किनारे स्थित प्लाईवुड फैक्टरी में मंगलवार तड़के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। दमकल कर्मियों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फैक्टरी मालिक के अनुसार फैक्टरी में आग लगने से लगभग डेढ़ करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।
थाना कुंदरकी के सैफपुर चित्तू गांव निवासी मोहम्मद अफजल की कमालपुर गांव में प्लाईवुड फैक्टरी है। सोमवार रात मोहम्मद अफजल के भाई मोहम्मद सुबहान और मोहम्मद सुलेमान तथा अन्य कर्मी फैक्टरी में सो रहे थे। मंगलवार तड़के लगभग छह बजे अचानक एक कमरे के अंदर विद्युत शॉर्ट सर्किट हो जाने से आग लग गई। कर्मियों ने पहले तो स्वयं फैक्टरी में उपलब्ध अग्निशमन यंत्रों के माध्यम से आग बुझाने का प्रयास किया बाद में अग्निशमन केंद्र और थाना कुंदरकी पुलिस को सूचना दी।
आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां और कुंदरकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गईं। फैक्टरी में लकड़ी के गट्टे, प्लाईबोर्ड और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी होने की वजह से उनमें आग लगने से आग की लपटें और तेज हो गईं तथा पूरा फैक्टरी परिसर आग की लपटों से घिर गया। मालिक मोहम्मद अफजाल ने बताया कि आग लगने की इस घटना में उनका लगभग डेढ़ करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। उधर पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम आग लगने के असली कारणों की जांच भी कर रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि प्लाईवुड फैक्टरी में अग्निशमन के उपाय और सुरक्षा मानकों का पूरा पालन किया जा रहा था या नहीं।