मैनाठेर। थाना क्षेत्र के ग्राम गुरेर निवासी शाहनवाज पुत्र रहीस अहमद ने कुछ लोगों पर मरीज को ले जाते समय रास्ता रोकने और बाद में क्लीनिक पर पहुंचकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे गुरेर निवासी शाहनवाज अपने छोटे भाई मेहराज उर्फ गुड्डू को उसकी तबीयत बिगड़ने पर कार से डॉक्टर के पास ले जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में समीर पुत्र राबिक ने कार खड़ी कर रास्ता तंग कर दिया जिसका विरोध करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। पीड़ित के अनुसार वह अपने भाई को लेकर डींगरपुर स्थित एक क्लीनिक पहुंच गया लेकिन दूसरे पक्ष के समीर, अब्दुल्ला व आजम उसका पीछा करते हुए वहां भी पहुंच गए। आरोप है उन्होंने गाली-गलौज करते हुए शाहनवाज और उसके बीमार भाई के साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। घटना के दौरान क्लीनिक पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को बचाया। बताया गया कि पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वहीं पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।