मुरादाबाद। शहर की घनी आबादी के बीच शुक्रवार रात दो बजे शार्ट सर्किट से एक घर में आग लग गई। घर के लोग फंस गए। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने रेस्क्यू चलाकर परिवार के सभी 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकला लिया। इसके बाद आग पर काबू पाया गया। आग में घर में रखा सभी सामान जलकर राख हो गया।
कोतवाली क्षेत्र के लोहागढ़ जैन मंदिर के पास प्रकाश रस्तोगी का मकान है। प्रकाश रस्तोगी सोने-चांदी के आभूषण बनाते हैं। जबकि उनके बेटे हिमांशु रस्तोगी का धूपबत्ती का व्यापार है। हिमांशु ने बताया कि शुक्रवार रात करीब दो बजे परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान मकान के बाहर से गुजर रही बिजली लाइन में शार्ट सर्किट हो गया, जिसकी चिंगारी निकलकर खिड़की में पहुंची और पर्दे में आग गई। धीरे धीरे में आग फैल गई।
इसी दौरान हिमांशु के भतीजे नीरव की नजर आग पर पड़ी तो उसने शोर मचा दिया। जिससे परेशान के सभी लोग जाग गए। मकान की पहली और दूसरे मंजिल के सामने वालों कमरे से परिजन दूर हो गए। इसके बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीम को सूचना दी। दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और सीढ़ी के जरिए मकान के अंदर फंसे प्रकाश रस्तोगी, अनुज रस्तोगी, शिवानी, कामाक्षी, आद्या, केशव, नीरव, प्रगति को रेस्क्यू कर मंदिर की छत से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
गली संकरी होने के कारण गाड़ी अंदर तक नहीं पहुंच पाई थी। पानी की पाइप मकान तक पहुंच गई। इसके बाद आग पर काबू पा लिया। हिमांशु ने बताया कि करीब ढाई लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया है। अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा ने बताया कि चार गाड़ियां मौके पर बुलाई थीं, जिसमें 18 दमकल कर्मियों ने कड़ी मदद कर आग पर काबू पाया। पूरे परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला गया है।