यातायात परिवर्तन होने के कारण ताड़ीखाना चौराहे पर लगा भयंकर जाम। स्कूली बच्चे भी जाम में फंसे। बच्चे को जाम से निकालकर ले जाती महिला।
- फोटो : अमर उजाला
बिना अनुमति के शहर में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी का रोड शो कराने में कांग्रेस जिला अध्यक्ष डा. एपी सिंह, महानगर अध्यक्ष अनुभव मेहरोत्रा समेत छह नामजद और सौ अज्ञात आयोजकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
जबकि कोतवाली और सिविल लाइंस में केस दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। क्योंकि राहुल गांधी का रोड शो इन थानक्षेत्रों से भी गुजारा गया है। तीन अक्तूबर को राहुल गांधी के रोड शो के लिए कांग्रेस पदाधिकारियों ने प्रशासन से अनुमति मांगी थी।
लेकिन प्रशासन ने संकरे रास्ते और सड़क के दोनों तरफ ऊंची ऊंची इमारतें को देखते हुए अनुमति देने से साफ इंकार कर दिया था। जबकि एसपीजी के अफसरों के साथ भी मंथन किया गया था। प्रशासन ने कांग्रेस को नये रूट के लिए कहा। लेकिन कांग्रेसी उसी रास्ते पर अड़े रहे। उन्होंने साफ कह दिया था कि प्रशासन अनुमति दे या न दें।
हम रोड शो शहर के बीच से ही निकालेंगे। सोमवार को रोड उसकी रास्ते से निकाल दिया गया। जबकि ये रास्ते राहुल की सुरक्षा के लिहाज से उचित नहीं था। रोड के शो कई जगह साफ देखा गया कि सुरक्षा में भारी खिलवाड़ किया जा रहा है।
सोमवार की रात मुगलपुरा थाने में इंस्पेक्टर अनिल कुमार वर्मा ने जिला अध्यक्ष डा. एपी सिंह, महानगर अध्यक्ष अनुभव मेहरोत्रा, कमेटी सदस्य चौधरी आफताब, अजय सारस्वत, मो. अब्बास और फहीम समेत 100 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करा दिया है। एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि पुलिस प्रशासन की बिना अनुमति के रोड शो किया गया था। केस दर्ज कर दिया गया है।