मैनाठेर। थाना क्षेत्र के एक गांव में जुमा की नमाज के बाद मस्जिद से बाहर निकल रहे युवकों पर घात लगाए बैठे लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों, ईंट-पत्थरों और लोहे की रॉड से मारपीट की जिससे चार युवक घायल हो गए।
शुक्रवार को करीब 1:30 बजे गांव के नजारूल, वसीम, जुनैद और मो.कैफ मस्जिद से जुमा की नमाज पढ़कर बाहर निकल रहे थे। जैसे ही वे गेट के पास पहुंचे तभी पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोग अचानक निकल आए और गाली-गलौज करते हुए उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों के हाथों में लोहे की रॉड, लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर थे जिनसे उन्होंने चारों युवकों को घेरकर मारपीट की। हमले में नजारूल, वसीम, जुनैद और मौ. कैफ को चोटें आईं। शोर सुनकर गांव के कुछ लोग मौके पर पहुंच गए और बीच-बचाव कर किसी तरह घायलों को बचाया।
आरोप है कि जाते समय हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पीड़ित पक्ष का कहना है कि हमलावरों से पहले से रंजिश चली आ रही है। वहीं घटना के बाद घायलों का उपचार कराया गया और बाद में पीड़ित ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी जाने आलम, तोहिद, फरीद, जैनुल, जीशान, इरफान, तहजीब, आफताब, रब्बानी, महफूज, आकिब, तौफीक, तौफीक सहजन, आजम, नईम, तौसीफ, सुबहान, फैज आलम, रागिब, युसूफ और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू करदी है।